पलामू के युवक की लातेहार में हत्या:दो पर परिजनों ने लगाया आरोप, ग्रामीणों ने शव के साथ 5 घंटे तक मेन रोड किया जाम

पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार निवासी चंदन भुइयां की लातेहार में हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को हुटार-बरवाडीह मुख्य पथ को पांच घंटे तक जाम रखा। प्रदर्शनकारियों ने शव को सड़क पर रखकर अपराधियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की मांग की। चंदन भुइयां का शव दो दिन पहले सोमवार को लातेहार के बरवाडीह थाना क्षेत्र के पुटुआगढ़ जंगल में एक पेड़ से लटका मिला था। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो पाई थी। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के दौरान उसकी पहचान चंदन भुइयां के रूप में हुई और शव परिजनों को सौंप दिया गया। हुटार पुल के पास सड़क जाम कर दिया परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि बरवाडीह पुलिस द्वारा मामले में तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वे नाराज थे। बुधवार को परिजन शव लेकर घर पहुंचे और हुटार पुल के पास सड़क जाम कर दिया। इससे चैनपुर के रास्ते लातेहार और पलामू का संपर्क बाधित हो गया। परिजनों ने रामगढ़ के छितरा निवासी संजय साव उर्फ संजीत और मोहन यादव पर चंदन की हत्या का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, रविवार को हुटार के करमटाड़ में चंदन की बाइक संजय के चार पहिया वाहन से टकरा गई थी। इस घटना के बाद से चंदन लापता था। उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल भी गायब हैं। समाजसेवी दिलीप चंद्रवंशी की पहल पर जाम हटाया गया पांच घंटे तक चले जाम के बाद रामगढ़ और बरवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची। समाजसेवी दिलीप चंद्रवंशी की पहल पर जाम हटाया गया। दिलीप चंद्रवंशी ने परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *