पुलिस की राजकॉप ऐप और CCTV की मदद से 27 चोरी के मामलों में शामिल चोर पकड़ा गया। ये चोर ट्रेनों में सफर करता था। इसने चोरी के लिए अपना एक खास हथियार भी ईजाद किया था। जिसे वह अपने साथ हमेशा रखता था। इस हथियार को 3 पार्ट में जोड़ा जा सकता था। खुलने के बाद यह हथियार एक मिस्त्री के टूल जैसा बन जाता था। पुलिस ने CCTV की मदद से चोर की पहचान की और राजकॉप ऐप पर इसकी डिटेल्स खंगाली। जैसे ही चेहरा मैच हुआ पुलिस ने इसे चोरी की फ़िराक में घूमते हुए गिरफ्तार कर लिया। मामला भीलवाड़ा के कोतवाली थाना इलाके का बुधवार का है। थाने के SHO सुनील चौधरी ने बताया- ट्रेडर्स बाजार में चोरी के मामले में पवन मीणा निवासी बड़ा ऊंचा थाना छबड़ा बारां को गिरफ्तार किया गया है। जब आरोपी की डिटेल्स राजकॉप ऐप पर खंगाली तो पता चला इसके खिलाफ 27 मामले और दर्ज हैं। इसे लेकर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। तस्वीरों में देखे चोरी की वारदात और हथियार… दुकान से 2 लाख 45 हजार चुराए थे SHO चौधरी ने बताया कि 18 नवंबर की सुबह हीरा ट्रेडर्स बाजार नंबर 2 में चोरी की वारदात 5:15 बजे हुई थी। इसमें देर रात चोर दुकान में घुसकर परमानंद गुरनानी की दुकान से 2 लाख 45 हजार रुपए चोरी कर ले गया था। वे जब सुबह लौटे तो उन्हें ताले टूटे मिले थे। जब अंदर जाकर उन्होंने गल्ला चेक किया तो इसमें से रुपए गायब थे। चोर दूकान का शटर तोड़ कर अंदर घुसा था। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने पुलिस को CCTV फुटेज भी सौंपे थे। पुलिस ने CCTV की मदद से पहले पवन का चेहरा पहचान किया। इसके बाद चेहरा साफ़ हुआ तो फोटो को राजकॉप ऐप में मैच किया। इसमें पवन मीणा के होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस की टीम इसके पीछे लगा दी। पता चला कि यह बारां में ही है। यहां से इसे गिरफ्तार कर बुधवार को भीलवाड़ा लाए। जुड़ने वाला सरिया बनाया SHO ने बताया- आरोपी के पास से लोहे का एक सरिया बरामद किया है जो करीब तीन से साढ़े तीन फीट का है, इस सरिए में आरोपी ने फोल्डिंग सिस्टम सेट किया है। इसकी मदद से ये उसे तीन टुकड़ों में अलग-अलग करके अपने बैग में साथ रखता और किसी को शक भी नहीं होता था। इसकी मदद से ये दुकान के शटर को टेढ़ा करके खोलता और इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देता था। 27 मामलों में आरोपी SHO ने बताया- ये राजस्थान के लगभग सभी जिला मुख्यालयों के रेलवे स्टेशनों के आसपास की दुकानों और ट्रेनों में वारदात करता रहा है। आईसीजेएस पोर्टल में सर्च करने पर उसके खिलाफ 27 मामलों में आरोपी होने की जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस इससे डिटेल पूछताछ कर चोरी के रुपए बरामद करने में लगी है।


