बड़वानी के अंजड़ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 19 साल के युवक की मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे बड़दा पुनर्वास मोहिपुरा रोड हुई। दरअसल,अपने घर के बाहर खड़े युवक को एक तेज रफ्तार इक्को वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इक्को वाहन ने युवक को मारी टक्कर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपने घर के बाहर पैदल खड़ा था, तभी एक तेज गति से आ रहे इक्को वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंजड़ ले गए। अंजड़ में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया। हालांकि, ग्रामीणों ने बताया कि अंजड़ में एम्बुलेंस उपलब्ध न होने के कारण उन्हें आधे घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। बाद में एक निजी वाहन से घायल को अस्पताल ले जाया गया। पड़ोसी बोले-समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने से गई जान ग्रामीण अजय ने बताया कि 19 वर्षीय राम पिता श्याम अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी इक्को वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अंजड़ में एम्बुलेंस नहीं होने और 108 सेवा भी खराब होने के कारण समय पर मदद नहीं मिल पाई, जिससे राम की जान चली गई। मृतक के पड़ोसी केपी सिंह ने भी यही बात दोहराई। उन्होंने कहा कि अगर समय पर एम्बुलेंस मिल जाती तो युवक की जान बच सकती थी। उन्होंने बताया कि अंजड़ की एम्बुलेंस कई महीनों से बंद पड़ी है और 108 सेवा भी आठ दिनों से खराब है। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


