बारां भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तिलम संघ कोटा के महाप्रबंधक रमेश चंद्र बैरागी को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। बैरागी पर बारां जिले के पलायथा स्थित समर्थन मूल्य खरीद केंद्र के आवंटन के एवज में कुल 1.45 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने बारां एसीबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पलायथा के आवंटन के लिए 1 लाख रुपए और पिछले वर्ष खरीदे गए 45,000 गेहूं के कट्टों के लिए प्रति कट्टा 1 रुपए के हिसाब से 45,000 रुपए, कुल 1.45 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। एसीबी कोटा रेंज के उपमहानिरीक्षक आनंद शर्मा के सुपरविजन में बारां एसीबी चौकी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालू राम वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। टीएलओ प्रेमचंद, उप अधीक्षक पुलिस, एसीबी बारां की टीम ने ट्रैप का आयोजन किया। आरोपी रमेश चंद्र बैरागी ने परिवादी धन्नालाल से 30,000 रुपए की रिश्वत राशि प्राप्त की और उसे अपनी जैकेट की बांई जेब में रखा। यह राशि आरोपी के पास से बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया गया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और उसके आवास की तलाशी की कार्रवाई जारी है। एसीबी इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच करेगी।


