रीवा में IAS अधिकारी संतोष वर्मा के कथित विवादित बयान को लेकर बुधवार को भारी विरोध भड़क गया। मामले से नाराज़ ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोगों ने SP ऑफिस पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और अधिकारी पर तुरंत FIR दर्ज करने व बर्खास्तगी की कार्रवाई की मांग की। समाज के लोगों का आरोप है कि IAS संतोष वर्मा ने सवर्ण समाज की महिलाओं और बेटियों को लेकर आपत्तिजनक व अमर्यादित टिप्पणी की है। बयान के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाज में गहरा रोष फैल गया। आक्रोशित प्रतिनिधि बड़ी संख्या में SP ऑफिस पहुंचे और ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि “ऐसे बयान देने वाले अधिकारियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” प्रदर्शन के दौरान समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की टिप्पणी समाज को आहत करती है और यह आचरण सेवा शर्तों का भी उल्लंघन है। उन्होंने मांग की कि तुरंत FIR दर्ज कर निलंबन/बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाए। वहीं मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए कहा कि मामले की जांच कर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


