अनूपपुर नगर में वन विभाग ने एक घायल जलीय पक्षी ‘कीचमुर्गी’ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। नागरिकों की सूचना पर इस पक्षी को पशु चिकित्सक की ओर से उपचार प्रदान किया गया। स्वस्थ होने के बाद उसे जंगल में स्वतंत्र विचरण के लिए छोड़ दिया गया। यह घटना अनूपपुर नगर के शंकर मंदिर के पास समसू खान की इंडियन इलेक्ट्रॉनिक दुकान के समीप हुई। स्थानीय नागरिकों ने एक घायल अवस्था में घूमते हुए पक्षी को देखा और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्राधिकारी अनूपपुर स्वर्ण गौरव सिंह के निर्देश पर वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल और वनरक्षक दिनेश रौतेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल पक्षी को अपनी अभिरक्षा में लिया और उसे पशु चिकित्सालय ले जाकर उपचार कराया। उपचार के बाद पक्षी के पूरी तरह स्वस्थ होने पर उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। ‘कीचमुर्गी’ या ‘दलदली मुर्गी’ के नाम से जाना जाने वाला यह पक्षी दलदली और गीले क्षेत्रों में पाया जाता है, जहाँ यह छोटे जीव-जंतुओं को अपना आहार बनाता है। बताया गया है कि अनूपपुर क्षेत्र में यह एक विलुप्तप्राय प्रजाति है।


