पन्ना-अजयगढ़ मार्ग पर सिंहपुर घाटी के पास बालू से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर फटने से वह सड़क पर पलट गई। बुधवार को इस घटना के कारण मार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया है, जिससे यात्री और वाहन चालक परेशान हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर अचानक फटा अजयगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिंहपुर घाटी में बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ। हालांकि, ट्रॉली में भरी बालू सड़क पर बिखर गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बीच सड़क पर रुक गई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं घटना के तुरंत बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे से अधिक समय से लगे इस जाम में यात्री बसें, शादी की गाड़ियां और ट्रक फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी राजीव सिंह भदौरिया और अजयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने के प्रयास में जुट गई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच सड़क पर खराब होने के कारण लगभग आधा किलोमीटर तक लंबा जाम लगा हुआ है।


