झालावाड़ में पेंशनर्स का एक दिवसीय धरना:105 आरजीएचएस कार्ड सक्रिय करने की मांग, सीएमएचओ को सौंपा ज्ञापन

झालावाड़ में राजस्थान पेंशनर्स मंच की जिला शाखा ने बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय पर एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया। यह धरना झालावाड़ जिले के 105 पेंशनर्स के राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) कार्ड को सक्रिय कराने की मांग को लेकर आयोजित किया गया। मंच ने सीएमएचओ को ज्ञापन भी सौंपा। पेंशनर्स मंच के प्रवक्ता विमल कुमार जैन ने बताया कि पिछले आठ माह से जिले के 105 पेंशनर्स के आरजीएचएस कार्ड अचानक ब्लॉक कर दिए गए हैं। इस कारण बीमार पेंशनर्स और उनके आश्रितों को इलाज कराने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंच ने इस समस्या के समाधान के लिए मुख्य शासन सचिव, चिकित्सा सचिव, निदेशक पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग, निदेशक आरजीएचएस विभाग जयपुर, जिला कलेक्टर झालावाड़ और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी झालावाड़ से कई बार निवेदन किया था। उच्च अधिकारियों ने मंच को बताया था कि आरजीएचएस कार्ड से संबंधित सभी प्रकरणों का निस्तारण हर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा किया जाएगा। हालांकि, झालावाड़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने इस संबंध में अपनी असमर्थता व्यक्त की। अधिकारियों से कोई समाधान न मिलने पर पेंशनर्स मंच ने आंदोलन का निर्णय लिया। इसी क्रम में 26 नवंबर, बुधवार को सीएमएचओ कार्यालय पर धरना दिया गया। मंच ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह को भी ज्ञापन सौंपकर आरजीएचएस कार्ड सक्रिय करने की मांग की है। यह धरना जिलाध्यक्ष सईद अहमद की अध्यक्षता में दिया गया। धरने में रमेश राठौर, नंदलाल राठौर, राजकुमार जैन ‘टिल्लू’, जलालुद्दीन अंसारी, रामगोपाल राठौर, आरिफ हुसैन गौरी, विष्णु प्रसाद बाथमा, महबूब खान, सत्यनारायण सेन, अब्दुल वहाब, मोहम्मद हुसैन, विजेंद्र चौधरी, सलीम शेख, हकीमुद्दीन, राधेश्याम शर्मा, रामचंद्र फौजी, ज्ञानचंद जैन, रमेश नाथ, रमेश माथुर, शमशुद्दीन, सलीम नाकेदार, भंवर सिंह, मोहनलाल राठौर और अ. रजाक मंसूरी सहित कुल 55 पेंशनर्स ने भाग लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *