भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार डीग जिले में संचालित ‘विशेष गहन पुनरीक्षण-2026’ कार्यक्रम के तहत डिजिटाइजेशन कार्य में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर उत्सव कौशल के निर्देशन में जिले ने बुधवार को 81.46 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य पूरा कर लिया है। कार्य की गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी उत्सव कौशल ने बुधवार को जनूथर तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह संज्ञान में आया कि कुछ क्षेत्रों में मतदाता फोटो उपलब्ध कराने में असमर्थता व्यक्त कर रहे हैं। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने तहसीलदार जनूथर को स्थानीय सरपंचों और बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। सरपंचों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि वे सर्वे कार्य के दौरान फोटोग्राफर की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, जिससे जिन मतदाताओं के पास फोटो उपलब्ध नहीं है, उनका फोटो मौके पर ही खींचा जा सकेगा। इस दौरान ग्राम मवई और पान्हौरी में कार्य की प्रगति पर विशेष ध्यान केंद्रित करने और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा 26 नवंबर को शाम 4:00 बजे जारी अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, डीग जिले में अब तक कुल 6,51,277 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण किया जा चुका है। विगत 24 घंटों में जिले में 26,531 नवीन प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया गया, जिससे कुल प्रगति में 3.32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। विधानसभा-वार प्रगति का तुलनात्मक विश्लेषण- आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कार्य सुचारू रूप से प्रगति पर है: नगर विधानसभा: इस क्षेत्र में 83.51 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जो जिले में सर्वाधिक है। यहाँ अब तक कुल 2,15,777 प्रपत्र डिजिटाइज किए गए हैं । डीग-कुम्हेर विधानसभा: इस क्षेत्र में 81.67 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है, जिसके तहत 2,15,322 प्रपत्रों का निस्तारण किया गया है । कामां विधानसभा: यहाँ अब तक 79.35 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और कुल 2,20,178 प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं । सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) का कार्य निष्पादन, एईआरओ स्तर पर कार्य की समीक्षा करने पर निम्नलिखित अधिकारियों के क्षेत्राधिकार में उत्कृष्ट प्रगति परिलक्षित हुई है: एसडीएम कुम्हेर: सर्वाधिक 86.10 प्रतिशत कार्य पूर्णता के साथ शीर्ष स्थान पर हैं । तहसीलदार नगर: 84.71 प्रतिशत प्रगति के साथ द्वितीय स्थान पर हैं । तहसीलदार कुम्हेर: 84.11 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है । तहसीलदार सीकरी: के क्षेत्र में 83.67 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है । अंतिम चरण हेतु निर्देश कौशल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे डिजिटाइजेशन की गति में अभिवृद्धि करें और शेष कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम चरण में डेटा की शुद्धता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


