नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर ब्यावर से है। यहां बीजेपी विधायक की बेटी के खिलाफ फर्जी सर्टिफिकेट की शिकायत करने वाले व्यक्ति को बदमाशों ने जमकर पीटा। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. जयपुर में फिर रिहायशी इलाके में आया लेपर्ड
जयपुर शहर के आबादी वाले इलाके में एक बार फिर लेपर्ड घुस आया। मंगलवार रात करीब 2 बजे विद्याधर नगर के सेक्टर-10 में लेपर्ड ने एक बछड़े का शिकार भी किया। सुबह लोगों को इसकी जानकारी मिली। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पगमार्क के आधार पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पूरी खबर पढ़ें 2. बीजेपी विधायक की बेटी की शिकायत करने वाले को पीटा
ब्यावर से बीजेपी विधायक की बेटी के खिलाफ फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट से तहसीलदार बनने की शिकायत करने वाले व्यक्ति पर बदमाशों ने हमला कर दिया। कोर्ट से निकलकर बहन के घर जाते समय स्कूटी और बाइक पर आए करीब 5 बदमाशों ने रास्ते में रोका और लोहे के पाइप और लात-घूंसे से पीटा। पूरी खबर पढ़ें 3. डूबते परिवार को बचाने के लिए कूदी महिला, 3 को बचाया
डूंगरपुर में सरकारी टीचर की कार हीरोता गांव के पास अनियंत्रित होकर 10 फीट गहरे पानी के गड्ढे में गिर गई। कार को डूबता देख पड़ोस में रहने वाली महिला पानी में कूद गई। उसने पड़ोसी युवक और बेटी की मदद से पहले 11 महीने के मासूम और फिर पति-पत्नी को बाहर खींचा। पूरी खबर पढ़ें 4. सीएम बोले- आजादी में एक ही परिवार के योगदान का गुणगान होता रहा
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- देश की आजादी में केवल एक ही परिवार के योगदान का गुणगान किया जाता रहा है। सरदार पटेल ने भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए जो लक्ष्य बनाया, उसे पूरा किया। लेकिन देश का दुर्भाग्य है कि जिस महापुरुष ने देश के लिए इतना कुछ किया, उसे भुला दिया गया। पूरी खबर पढ़ें 5. पुलिस ने बदमाश समझकर टूरिस्ट पर पिस्टल तानी
जैसलमेर में पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के जवान ने टूरिस्ट पर पिस्टल तान दी। दरअसल, NDPS के मामले में फरार बदमाश की लोकेशन जैसलमेर आ रही थी। उसे सर्च करने आई टीम ने एक हरियाणा नंबर की गाड़ी को रोका और घेर लिया। एक पुलिसकर्मी गाड़ी के सामने पिस्टल तानकर खड़ा हो गया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. साइबर ठगों से 21KG चांदी और 21 लाख कैश बरामद
श्रीगंगानगर पुलिस ने 3 साइबर ठगों को गिरफ्तार कर उनसे 21 किलो चांदी और 21 लाख रुपए कैश बरामद किया है। ये ठग राजस्थान में सिम एक्टिवेट करवा कर साउथ ईस्ट देशों के ठगों को बेचते थे। ये आरोपी साइबर ठगी की बैंक में होल्ड पड़ी रकम को फर्जी मोहर और लेटर पैड बनाकर निकलवा लेते। पूरी खबर पढ़ें 7. मोबाइल पर बात करने से टोका तो किया सुसाइड
उदयपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को मां ने मोबाइल पर बात करने से टोका तो नाराज होकर उसने सुसाइड कर लिया। अचेत हालत में परिजन उसे एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां 2 दिन इलाज के बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें 8. जयपुर सहित कई जिलों में कल से बारिश का अलर्ट
राजस्थान में 27 नवंबर से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इस सिस्टम का असर दो दिन जयपुर, अजमेर, उदयपुर और जोधपुर संभाग एरिया में रहेगा। 27 नवंबर को जोधपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 28 नवंबर को अजमेर, जयपुर संभाग के जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. चोरी के लिए बनाया फोल्ड होने वाला सरिया
पुलिस की राजकॉप ऐप और CCTV की मदद से 27 चोरियों में शामिल चोर पकड़ा गया। ये चोर ट्रेनों में सफर करता था। इसने चोरी के लिए अपना एक खास हथियार भी बनाया था। इस हथियार को 3 पार्ट में जोड़ा जा सकता है। खुलने के बाद यह हथियार एक मिस्त्री के टूल जैसा बन जाता है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. मेयो कॉलेज 27 नवंबर से मनाएगा 150वीं वर्षगांठ
मेयो कॉलेज अजमेर 27 से 30 नवंबर तक अपनी 150वीं वर्षगांठ मनाएगा। इसमें देश की बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। सिंगर सोनू निगम भी इसमें शामिल होकर की लाइव परफॉर्मेंस देंगे।


