मोहाली में नशा तस्कर अरेस्ट, साथी बालकनी कूदकर भागे:हेरोइन और आईस बरामद, 6.50 लाख की ड्रग मनी जब्त, तरनतारन का रहने वाला

पंजाब पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मोहाली के खरड़ से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि आरोपी के दाे साथी फ्लैट की बालकनी कूदकर फरार हो गए। उसके पास से 5.084 किलोग्राम हेरोइन, 1.681 किलोग्राम आईस (मेथाम्फेटामाइन) और 6.50 लाख रुपए नकद ड्रग मनी जब्त की गई है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस कार्रवाई से एक सक्रिय ड्रग सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान तरनतारन जिले के गोइंदवाल साहिब निवासी आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बैग, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक सफेद शेवरले क्रूज कार भी बरामद की है। इस कार का इस्तेमाल वह ड्रग्स की डिलीवरी के लिए करता था। डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आकाशदीप ट्राइसिटी क्षेत्र में ड्रग्स की डिलीवरी और वितरण करने वाले एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा था। पुलिस अब इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए नेटवर्क की सभी कड़ियों को जोड़ने पर काम कर रही है। साथियों के साथ फ्लैट में छिपा था आरोपी एएनटीएफ रूपनगर रेंज के एआईजी एएस औलख ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने साथियों के साथ खरड़ के नेचर हट-3 स्थित एक फ्लैट में ड्रग्स की बड़ी खेप के साथ छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर डीएसपी योगेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने फ्लैट पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान आकाशदीप को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन उसके दो साथी फ्लैट की बालकनी से कूदकर भागने में सफल रहे। एआईजी औलख ने पुष्टि की कि फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे की पूछताछ में इस मामले से जुड़े और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। इस संबंध में एएनटीएफ मोहाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-C और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *