जगराओं के सिधवां बेट स्थित हुजरा गांव में पंचायत भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की शिकायत पर गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस मामले में बाप-बेटी सहित 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों ने पंचायत सरपंच पति और एक हेड कॉन्स्टेबल पर हमला किया था। जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों ने गांव की पंचायत भूमि पर खड़ी फसल काटनी शुरू कर दी थी। इसकी सूचना पंचायत सदस्यों ने तुरंत पुलिस को दी। गुरप्रीत सिंह निवासी गगकलां ने 112 पर कॉल कर बताया था कि कुछ लोग जबरन पंचायत की जमीन पर फसल काटकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और रोकने पर हमला कर रहे हैं। सरपंच पति के साथ मारपीट थाना सिधवां बेट के एएसआई गुरमीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि कुछ लोग सरपंच पति गुरप्रीत सिंह के साथ मारपीट कर रहे थे। जब पुलिस ने पीड़ित को छुड़ाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने हेड कॉन्स्टेबल बलविंदर सिंह पर भी हमला कर दिया। आरोपियों ने बलविंदर सिंह की वर्दी पकड़ी, धक्का-मुक्की की और वर्दी का लोगो तोड़ दिया। स्थिति बिगड़ने पर थाना सिधवां बेट से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। महिला पर लोगों को भड़काने का आरोप हेड कॉन्स्टेबल बलविंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने बाप-बेटी सहित 13 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान हुजरा गांव निवासी वनीता, शीतल और हरबंस के रूप में हुई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी वनीता ने लोगों को काफी भड़काया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया था। पुलिस ने आरोपियों पर धारा 132, 221, 115(2), 190, 191(3) के तहत थाना सिधवां बेट में केस दर्ज कर लिया।


