डूंगरपुर की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर एक कंटेनर से 6.50 लाख रुपए मूल्य की अवैध शराब के 50 कार्टन जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में कंटेनर चालक को भी गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत की गई। बिछीवाड़ा थाने के सीआई कैलाश सोनी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर नाकेबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर में प्लास्टिक ड्रमों की आड़ में एक विशेष बॉक्स बनाकर शराब के कार्टन छिपाए गए थे। पुलिस ने कंटेनर से अवैध शराब के 50 कार्टन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 6 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और हरियाणा निवासी चालक संदीप वाल्मीकि को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।


