सलूंबर में रौनक राजीविका महिला सर्वांगीण विकास सहकारी समिति, सीएलएफ गींगला की आम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘नई चेतना’ पहल का भी सफलतापूर्वक शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक ख्याली लाल ने राजीविका की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों, विभागीय समन्वय, महिला सशक्तिकरण और संगठन की भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। सभा में महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए शुरू की गई “नई चेतना – बदलाव की ओर” पहल पर प्रकाश डाला गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लैंगिक समानता, महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा, घरेलू हिंसा की रोकथाम, निर्णय प्रक्रिया में समावेशी भागीदारी और सामुदायिक स्तर पर सम्मानजनक व सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है। कार्यक्रम में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के बारे में भी जानकारी दी गई। सभी सदस्यों से आग्रह किया गया कि वे इसमें सहयोग करें ताकि क्षेत्र के सभी पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें। इसके अतिरिक्त, संविधान दिवस भी गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया, जिसमें संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई। इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें जिला तकनीकी विशेषज्ञ सूरवीर, ब्लॉक परियोजना प्रबंधक महिपाल सिंह सिसोदिया, ब्लॉक समन्वयक अजय कुमार मीना (पंचायत समिति), सरपंच बालाराम, पुलिस विभाग से मोतीलाल मीणा, चिकित्सा विभाग से ज्योति सेन और एचडीएफसी बैंक से देवीलाल शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश मौर्य ने किया, जबकि कलस्टर प्रबंधक दुर्गा मीणा ने प्रभावी समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। स्वयं सहायता समूहों की सभी सदस्याएँ इस सभा में सक्रिय रूप से मौजूद रहीं और सामाजिक परिवर्तन, लैंगिक न्याय, आर्थिक प्रगति तथा समुदाय विकास से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।


