बालाघाट जिले में बुधवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल लामता के कक्षा 10वीं के छात्र इंद्रजीत मेरावी का सिर कटा शव रेलवे ट्रैक पर मिला। आशंका है कि छात्र रीवा-पुणे एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। लामता पुलिस ने शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना बालाघाट-लामता ट्रैक पर हुई, जहां छात्र का सिर धड़ से अलग होकर पटरी के पास पड़ा था। शव मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पूर्व जनसंपर्क अधिकारी का बेटा था मृतक मृतक छात्र इंद्रजीत मेरावी लामता निवासी कमलकिशोर मेरावी का बेटा था, जो जिले के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी रह चुके हैं। इस घटना की सूचना रेलवे विभाग ने लिखित रूप में पुलिस को दी थी। छात्र स्कूल में दो पीरियड अटेंडेंट किए थे स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इंद्रजीत बुधवार को प्रतिदिन की तरह स्कूल आया था। वह दो पीरियड तक कक्षा में मौजूद था, जिसके बाद वह स्कूल से गायब हो गया। उसका शव स्कूल से लगभग 3 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पाया गया। रेलवे कर्मचारी आत्माराम भलावी ने बताया कि रीवा-पुणे एक्सप्रेस के ड्राइवर ने इस घटना की सूचना नैनपुर रेलवे स्टेशन को दी थी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में, वे घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखकर पुलिस तथा परिजनों को सूचित किया। पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक इगल मरकाम ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों के लिखित आवेदन पर पुलिस बल के साथ वे घटनास्थल पर पहुंचे। वहां काफी संख्या में भीड़ और परिजन मौजूद थे। परिजनों ने छात्र की मौत पर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


