मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। सीएम ने जिला पंचायत अध्यक्ष को समझाया
भोपाल में पंचायती राज पर आयोजित कार्यशाला के उद्घाटन के मौके पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने जैसे ही बोलना शुरू किया तो कांग्रेस समर्थित राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया ने उन्हें टोक दिया। चंदर सिंह सबसे आगे की लाइन में बैठे थे। वे अपनी जगह खड़े हो गए और कहा कि पंचायत का चुनाव हुए 3 साल हो गए, लेकिन उन्हें अब तक उनके अधिकार नहीं दिए गए। सब कुछ अधिकारियों के कंट्रोल में हैं। इस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने उन्हें अपने अंदाज में समझाया। सीएम ने कहा कि ‘संवाद करेंगे, बात भी करेंगे, चाय भी पीयेंगे, जल्दी क्यों करते हो भाई’। सीएम ने कबीर का दोहा बोला- धीरे-धीरे रे मना, धीरे सब कुछ होय.. माली सींचे सौ घड़ा.. ऋतु आए फल होय.. तो भाई ऋतु तो आने दो। जल्दी क्यों कर रहे हो। दरअसल, चंदर सिंह का कहना है कि जिला पंचायत हो या जनपद पंचायत या फिर ग्राम पंचायत सरकार ने इनके अधिकार धीरे-धीरे खत्म कर दिए है। सब कुछ अधिकारियों के हाथों में चल गया है। इसी पर मैंने सीएम और मंत्री के सामने मामला उठाया। सोता मिला शिक्षक, नशे में पड़ा मिला हेडमास्टर श्योपुर और सतना से दो ऐसे वीडियो सामने आए हैं। जिसने एक बार फिर हमारी शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। श्योपुर के कराहल क्षेत्र में शासकीय प्राथमिक स्कूल नसीहर में एक शिक्षक क्लास के अंदर सोते मिला। क्लास में बच्चों के बैग रखे थे और वे बाहर खेल रहे थे। जबकि अंदर टीचर खर्राटे भर रहे थे। दूसरा वीडियो सतना का है। यहां टीचर तो छोड़ दीजिए हेडमास्टर शराब के नशे में धुत होकर सड़क किनारे पड़े मिले। उनकी हालत ये थी कि वे न तो ठीक से बोल पा रहे थे और नहीं उठ पा रहे थे। ये घटना उचेहरा ब्लॉक की है। लोगों का कहना है कि जिस शिक्षक पर बच्चों के भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है, उसका इस तरह सड़क पर नशे में धुत मिलना बेहद शर्मनाक है। प्रशासन को ऐसी कार्रवाई करना चाहिए जिससे आगे इस तरह की तस्वीरें सामने नहीं आए। दोनों ही मामलों में अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है। आईएएस अधिकारी के खिलाफ सड़कों पर लोग
मंच सजा हो, माइक लगा हो और सामने सुनने वाले बैठे हो तो उत्साह में कभी-कभी मुंह से ऐसा कुछ निकल जाता है। जिस पर बवाल मच जाता है। सीनियर आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ। वे आरक्षण की पैरवी कर रहे थे और फिर कुछ ऐसा बोल गए कि लोग सड़कों पर उतर आए। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग होने लगी। उन्होंने कहा- ‘एक परिवार में एक व्यक्ति को आरक्षण मिलना चाहिए, जब तक कि मेरे बेटे को कोई ब्राह्मण अपनी बेटी दान नहीं कर देता या उससे उसका संबंध नहीं बना दे।’ इस बयान पर बवाल हुआ। ब्राह्मण समाज समेत अन्य लोगों ने विरोध किया तो अधिकारी को माफी मांगनी पड़ी। हालांकि उन्होंने ये भी कहा- ‘मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। मेरा भाषण 27 मिनट का था, लेकिन 2 सेकंड की क्लिप को चलाकर इसे प्रचारित किया गया है।’ उमा भारती ने बुंदेली में गाए वैवाहिक गीत
ओरछा में श्रीराम विवाह महोत्सव में पहुंची पूर्व सीएम उमा भारती ने बुंदेली में वैवाहिक गीत गाए। इस दौरान वे कई बार गीत भूल गईं। उन्होंने साथ में गाने के लिए लोगों को हल्के अंदाज में डांट भी लगाई। हालांकि उमा भारती ने पहले ही कह दिया था कि मुझे गाना आता नहीं है, डांटना-फटकारना आता है, लेकिन आज गाउंगी। उमा भारती ने कहा कि मैं तो भगवान राम की सच्ची में बहन हूं। सीता जी से भी बहुत प्यार करती हूं। उमा भारती ने कहा कि ओरछा में आनंद की बरसात हो रही है। बात खरी है सीरीज की ये कड़ी भी पढ़ें… शिवराज ने किया स्वागत…तो सीएम ने छुए पैर: गाली वाले नेता के साथ दिग्विजय सीएम डॉ. मोहन यादव जब केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की कर्म भूमि विदिशा संसदीय क्षेत्र में पहुंचे तो कई अच्छी तस्वीरें सामने आईं। मंच पर शिवराज ने स्वागत किया तो मोहन यादव ने उनके पैर छुए। जब सीएम ने शिवराज का स्वागत किया तो दोनों नेता गले मिलकर जनता का अभिवादन करते दिखे। पढ़ें पूरी खबर


