शिवाजी ऑडिटोरियम में कल लगेगा श्री अन्न मेला:नए व्यंजनों का स्वाद चखेंगे लोग; महिलाएं लगाएंगी स्टॉल; बालिका-सुरक्षा थीम पर बनेगी रंगोली

बैतूल में 4 जनवरी को शिवाजी ऑडिटोरियम में श्री अन्न (मिलेट्स) मेला आयोजित होगा। इस मेले में बैतूलवासी मोटे अनाज से बने अलग-अलग व्यंजनों का स्वाद चखेंगे। मेले में ज्वार, बाजरा, मक्का और रागी जैसे अनाज से बने खाद्य सामग्री के स्टॉल लगाए जाएंगे, जो पोषकता से भरपूर होंगे। ये आयोजन प्रत्याशा नवांकुर संस्थान और जन अभियान परिषद महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्टार्टअप की प्रेरणा देने के उद्देश्य से करा रहा है। मेले में महिलाओं के बनाए उत्पादों को एक मंच प्रदान किया जाएगा। मेले में महिलाएं अपने कौशल का करेंगी प्रदर्शन
इस मेले में रंगोली प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिसकी थीम बालिका सुरक्षा है। खास बात ये है कि ये रंगोली श्री अन्न से ही बनाई जाएगी। इसके अलावा हस्तशिल्पी से बनी वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगेगी। प्रत्याशा फाउंडेशन की अध्यक्ष तूलिका पचौरी ने बताया कि इस आयोजन में महिलाएं अपने कौशल को प्रदर्शित करेंगी। साथ ही श्री अन्न के उत्पाद बिक्री के लिए भी उपलब्ध होंगे। श्री अन्न और स्वरोजगार पर मार्गदर्शन दिया जाएगा
इस आयोजन में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा श्री अन्न और स्वरोजगार पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इनमें प्रत्याशा संस्था बैतूल, नगरपालिका बैतूल, किसान कल्याण एवं विकास विभाग बैतूल, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग बैतूल, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बैतूल शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *