बुरहानपुर जिले के नेपानगर में एमजी नगर में एसडीआरएफ मद से बन रहे 4 करोड़ रुपए के नाला निर्माण की गुणवत्ता जांच के लिए बुधवार को इंदौर से अधिकारी पहुंचे। नगरीय प्रशासन व विकास विभाग संचालन आयुक्त को शिकायत मिलने के बाद संयुक्त संचालक कार्यालय से आए अधिकारियों ने साइट से सैंपल लिए। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिलने पर इंदौर के संयुक्त संचालक कार्यालय से कार्यपालन यंत्री अंकित चौरसिया और सहायक यंत्री किशन बानी ने मौके का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने नाले के निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री के सैंपल लिए। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि पंकज मलन्ना और नगर पालिका उपयंत्री प्रकाश बड़वाहे मौजूद थे। एमजी नगर वार्ड की पार्षद श्रावन्या मलन्ना ने 3 नवंबर को संचालन आयुक्त, भोपाल को शिकायत भेजी थी। इसमें वार्ड नंबर 21-22 में नाला निर्माण में भ्रष्टाचार और घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाया गया था। घटिया सामग्री उपयोग करने के आरोप शिकायत में कहा गया था कि नगर पालिका परिषद नाला निर्माण में रेत की जगह डस्ट, खराब गुणवत्ता का सीमेंट, 20 एमएम से कम गिट्टी और कम मोटाई के सरिये का उपयोग कर रही है। शिकायत में यह भी बताया गया था कि नाले का निर्माण बिना सफाई किए कीचड़ में ही किया जा रहा है। इससे कई स्थानों पर दलदल बनने की संभावना है और पानी की निकासी प्रभावित हो सकती है। इससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या बढ़ने का खतरा है। शिकायत में उपयंत्री पर डिजाइन और ड्राइंग बदलकर काम कराने का आरोप भी लगाया गया था। इसके कारण वार्ड में पानी भरने की आशंका बताई गई थी।


