झाबुआ जिले के थांदला के पास तलावली मार्ग पर बुधवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल थांदला ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, काकनवानी निवासी विष्णु पिता शांतु डामोर और झापादरा निवासी नवलसिंह पिता कलसिंह बबेरिया अपनी केटीएम बाइक पर थांदला से तलावली की ओर जा रहे थे। तलावली मार्ग पर अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवकों को गहरी चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। थांदला से एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) थांदला पहुंचाया।नवीनतम जानकारी के अनुसार, दोनों घायल युवकों का उपचार थांदला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की देखरेख में जारी है।


