चित्तौड़गढ़ में इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है। कभी धूप निकल जाती है, तो कभी ठंडी हवा चलने लगती है। गुरुवार सुबह हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। लोगों को सुबह और शाम के समय ठिठुरन महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों के लिए अपडेट दिया है। विभाग का कहना है कि 27 और 28 नवंबर को उदयपुर संभाग में बारिश हो सकती है, जिसका असर चित्तौड़गढ़ पर भी पड़ेगा। इस दौरान तेज हवा चलने और बादल गरजने की भी संभावना है। दिन में गिरावट, रात में बढ़ रहा तापमान बीते कुछ दिनों से तापमान में अजीब सा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो मंगलवार की तुलना में 0.6 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मंगलवार की तुलना में 0.8 डिग्री ज्यादा था। यानी दिन की ठंड बढ़ रही है, जबकि रात में पारा बढ़ता हुआ नजर आ रही हैं। इस बदलाव के कारण सुबह-सुबह हल्की ठंड और दिन में ठंडी हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। 27-28 नवंबर को बारिश की संभावना मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 27 और 28 नवंबर को उदयपुर संभाग के कई जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन भी होगा। विभाग के अनुसार चित्तौड़गढ़ में भी बारिश होने की पूरी संभावना है। अगर बारिश होती है तो ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है। हल्की बूंदाबांदी से तापमान और नीचे आने की उम्मीद है। इसलिए लोगों को मौसम में अचानक आने वाले बदलाव से सावधान रहना चाहिए। लोगों से सतर्क रहने की अपील मौसम बदलने के कारण लोगों को सुबह और शाम हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव रखना जरूरी है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिन मौसम और बिगड़ सकता है, इसलिए बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। अगले दो दिनों में बढ़ सकती है ठंड अगर 27 और 28 नवंबर को बारिश होती है, तो ठंड में और तेजी आ सकती है। दिन का तापमान गिरने की संभावना है और रातें ज्यादा ठंडी हो सकती हैं। फिलहाल मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है, ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखना चाहिए।


