जौनपुर में बारातियों से भरी सफारी कार 20 फीट गहरे नाले में गिर गई। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हैं। कार सवार वाराणसी से धर्मापुर शादी में शामिल होने जा रहे थे। मुफ्तीगंज बाजार के पास मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ गया। ड्राइवर ने कार को कंट्रोल करने के लिए ब्रेक तो मारी, लेकिन वह संभल नहीं पाई और हाईवे से सीधे नाले में जा गिरी। कार गिरने और चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर दौड़े। उन्होंने देखा कि लोग कार में फंसे मदद के लिए चिल्ला रहे थे। गेट लॉक होने की वजह से कार नहीं खुली, जिसके बाद शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। इसी बीच पुलिस भी पहुंच गई। सभी घायलों को मुफ्तीगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी 3 को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। आज सुबह सभी घायलों को वाराणसी रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान वाराणसी कैंट निवासी बबलू (45), श्यामलाल (35) और राजू सोनकर (45) के रूप में हुई है। सभी दूल्हे के रिश्तेदार बताए जा रहे हादसे की तस्वीरें देखिए… कार पहले पेड़ पर अटकी, फिर नाले में गिरी वाराणसी कैंट निवासी संदीप की शादी बुधवार को जौनपुर के धर्मापुर क्षेत्र के इकौना गांव में लक्ष्मण की बेटी से थी। शाम 5 बजे वाराणसी कैंट से बारात करीब 70 किलोमीटर दूर जौनपुर के लिए निकली। बारातियों में शामिल 6 लोग सफारी कार से आ रहे थे। रात करीब 10 बजे जौनपुर-केराकत रोड पर मुफ्तीगंज बाजार के पास मोड़ पर कार बेकाबू हो गई। हाईवे से नीचे गिरते समय कार पहले एक पेड़ से टकराई, फिर 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुल्हन के भाई गोलू सोनकर ने बताया कि हादसा उनके घर से सिर्फ 2 किलोमीटर पहले हुआ। सूचना मिलते ही हम लोग मौके पर पहुंचे। केराकत थाना प्रभारी दीपेंद्र कुमार टीम के साथ पहले से मौके पर मौजूद थे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस सभी को अस्पताल ले गई। देर रात जौनपुर SP डॉ. कौस्तुभ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। गोलू सोनकर ने बताया कि मेरे परिवार में कल दो शादियां थीं। बहन और भतीजी की। भतीजी की बारात अहमदाबाद से आई थी। हादसे के बाद सादगी के साथ दोनों शादियां हुईं। ————————————- ये खबर भी पढ़िए… मुस्कान बेटी के साथ 30 दिन क्वारैंटाइन बैरक में रहेगी:मेरठ में सौरभ के भाई बोले- बड़ी बेटी का भी DNA टेस्ट हो मेरठ में पति सौरभ की हत्यारोपी मुस्कान अपनी नवजात बेटी के साथ मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर दी गई है। उसे चौधरी चरण सिंह जिला जेल की क्वारैंटाइन बैरक में रखा गया है। मुस्कान ने 24 नवंबर को बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद वह दो दिन मेडिकल कॉलेज में रही। मुस्कान ने बेटी का नाम राधा रखा है। उसने पहले से ही तय कर रखा था कि अगर बेटा हुआ तो कृष्ण और बेटी हुई तो राधा नाम रखेगी। पढ़िए पूरी खबर…


