विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य में मुंगेली जिले ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने इस कार्य में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले 26 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और अभिहित अधिकारियों को सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कलेक्टर कुमार ने सम्मानित अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र, शाल और श्रीफल प्रदान किए। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ से उनकी कार्ययोजना, रणनीति और क्षेत्रीय अनुभव के संबंध में विस्तृत जानकारी भी ली। कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रीढ़ है। उन्होंने बताया कि डिजिटाइजेशन के माध्यम से मतदाता सूची की विश्वसनीयता को और अधिक मजबूत किया गया है। टीमवर्क से लक्ष्य हासिल- बीएलओ लक्ष्मी चौबे का अनुभव कार्यक्रम में उपस्थित बीएलओ और अभिहित अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए। राजपुर की बीएलओ लक्ष्मी चौबे ने बताया कि टीमवर्क और निरंतर प्रयासों से डिजिटाइजेशन का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सका, जिसमें रोजगार सहायक और पंचायत सचिव का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। नियमित कैंप और फोटो अपडेट से कार्य आसान नवागांव जैत के बीएलओ ने जानकारी दी कि गांव के अलग-अलग वार्डों में नियमित कैंप लगाए गए। फोटो संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए मौके पर ही फोटो लेकर अपडेट किया गया, जिससे कार्य सरल हुआ और लक्ष्य समय से पूरा हुआ। अन्य बीएलओ ने भी अपने कार्य अनुभव साझा किए। गहन पुनरीक्षण की पारदर्शिता और निगरानी कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि जिले में चल रहे गहन पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित रूप से पूरा करने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। जिन क्षेत्रों में कार्य की प्रगति संतोषजनक रही है, वहां की टीमों को आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ काम करने हेतु प्रेरित किया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन पर टीम को कलेक्टर की बधाई उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी बीएलओ, अभिहित अधिकारी और टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले सहित प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि आप लोगों के सराहनीय प्रयासों से ही मुंगेली जिला मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्य में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है।


