भोपाल (सीहोर) स्थित वेल्लूर इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT) में छात्रों के साथ हुई घटना का विरोध अब नर्मदापुरम तक पहुंच गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार रात सतरस्ते पर एकत्र होकर विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला जलाया। करीब आधे घंटे तक चले इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विभाग संयोजक मृदुल नाथ चौहान ने बताया कि यूनिवर्सिटी में गुणवत्ताहीन भोजन और प्रदूषित पानी से विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ रही है। वहां बीमारियों के लक्षण दिख रहे हैं। जब छात्रों ने इन व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया, तो स्टाफ ने लाठी और थप्पड़ों से उनकी मारपीट की। इससे छात्रों में भारी आक्रोश है। उच्च स्तरीय कमेटी से जांच की मांग
ABVP ने मध्य प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द उच्च स्तरीय अधिकारियों की एक कमेटी बनाकर यूनिवर्सिटी की अनियमितताओं और व्यवस्थाओं की जांच की जाए। संगठन ने छात्रों के साथ हुई मारपीट की निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अचानक छुट्टी से छात्र परेशान
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बिना कारण बताए अचानक छुट्टी घोषित कर दी है। इससे दूर-दराज के राज्यों से आए छात्रों को घर जाने और आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार अपने हाथ में ले, वरना उग्र आंदोलन
परिषद ने चेतावनी दी है कि सरकार विश्वविद्यालय को अपने हाथ में ले और पढ़ने वाले विद्यार्थियों को न्याय दिलाए। यदि कार्रवाई नहीं होती है, तो ABVP उग्र आंदोलन करेगी। ये कार्यकर्ता रहे शामिल
इस प्रदर्शन में नगर मंत्री दिव्यांश शर्मा, सहमंत्री लवलेश गढ़वाल, धनंजय चौकसे, कृष्णा वंशकार, अंशुल, विवेक पटेल, युवराज यादव, अभिषेक पटेल, आयुष चौकसे, चंद्रशेखर गौर और अंकित गौर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


