राजगढ़ में कमरे से युवक का शव मिला:पास में जहरीली दवा रखी थी, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

राजगढ़ जिले के पपड़ेल चौकी क्षेत्र के गोवर्धन गांव में 30 वर्षीय युवक का शव बुधवार रात घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। कमरा अंदर से बंद था और उसके पास जहरीली दवा की शीशी पड़ी थी। गुरुवार सुबह खिलचीपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। परिजन घटना से सदमे में हैं। मृतक के पिता मोहनलाल शर्मा ने बताया कि वे बुधवार शाम राजस्थान के इकलेरा से खेती-बाड़ी देखने गांव आए थे। घर पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। चौकीदार को बुलाकर दीवार के सहारे अंदर पहुंचे तो सत्यनारायण कमरे में पड़ा था। उसके मुंह और नाक से झाग निकल रहा था और पास में जहरीली दवा की शीशी थी। परिवार और पुलिस उसे तुरंत खिलचीपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार दो साल से गांव से बाहर रह रहा था मोहनलाल के अनुसार, गांव के एक परिवार से विवाद के कारण वे दो साल पहले गांव छोड़कर राजस्थान के इकलेरा में रहने लगे थे। उनकी करीब 5 बीघा जमीन गांव में है, जिसकी देखरेख के लिए सत्यनारायण यहीं रहता था। घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान से अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिवार का दावा- लड़का आत्महत्या नहीं कर सकता मोहनलाल का दावा है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। उनका आरोप है कि या तो किसी ने घर में घुसकर उसे दवा पिलाई या लंबे समय से विवाद और प्रताड़ना के कारण वह दबाव में था। उन्होंने बताया कि एक साल पहले कुछ लोगों ने चौराहे पर बेटे की पिटाई की थी और दीपावली पर भी विवाद हुआ था। इससे परिवार मानसिक रूप से परेशान था। पपड़ेल पुलिस ने मौके से जहरीली दवा की शीशी जब्त कर ली है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *