गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड अंतर्गत पीहरा सुंडी टोला में असामाजिक तत्वों ने किसानों के खेत में रखे धान के बोझा में आग लगा दी। बुधवार रात हुई इस घटना में लगभग 200 बोझा धान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे किसानों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान दिनेश कुमार और उनके परिजनों ने बताया कि उन्होंने खेत से धान काटकर बोझा बनाकर घर ले जाने के लिए खेत में ही रखा था। देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने बोझे में आग लगा दी, जिसके कारण देखते ही देखते पूरी फसल जलकर खाक हो गई। दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की पीड़ित किसानों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए आगजनी की घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सरकार से फसल क्षति का मुआवजा देने की भी अपील की गई है। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार ऐसी घटनाएं किसानों के मनोबल को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जिम्मेदार लोगों पर कठोर कदम उठाने की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


