कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवकों की मौत:एक की मौके पर, दूसरे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम; परिजनों ने जांच की मांग की

झाबुआ जिले के ग्राम मिंडल में सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। परिजनों ने इस मामले की विस्तृत जांच की मांग की है। घटना बुधवार रात करीब 10:38 बजे मेघनगर रोड पर ग्राम मिंडल स्थित पंचायत भवन के पास हुई। ब्रेजा कार (क्रमांक MP09WC6428) ने ढाबे से लौट रहे स्कूटी सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में राती तलाई निवासी रुद्र (18) पिता दिपसिंह मेडा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नयन (15) पिता शंकर परमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल ले जाते समय दूसरे युवक ने तोड़ा दम भाजपा नेता बिट्टू सिंगार ने बताया कि सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि घटनास्थल पर केवल रुद्र ही मिला था। उसे अस्पताल ले जाया गया। बाद में दोस्तों से पता चला कि नयन भी उसके साथ था। नयन की तलाश के दौरान उसे फोन करने पर पास खड़े एक ट्राले से आवाज आई, जहां वह गंभीर अवस्था में मिला। उसे भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने भी दम तोड़ दिया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि दुर्घटना के बाद दोनों युवक अलग-अलग कैसे हो गए और नयन गंभीर अवस्था में ट्राले तक कैसे पहुंचा। यह बिंदु जांच का विषय बना हुआ है। फरियादी दिपसिंह कालुसिंह मेडा की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने ब्रेजा कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *