रतलाम के मीराकुटी लक्ष्मणपुरा क्षेत्र में रिटायर्ड शिक्षिका सरला धनेटवाल की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्याकांड में शामिल नौकरानी और उसकी बेटी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी सागर मीणा इतना शातिर था कि वह मुन्ना, बंटी और बबूल जैसे नाम बदलकर रहता था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस को करीब 1000 सीसीटीवी फुटेज खंगालने पड़े। जांच में खुलासा हुआ कि नौकरानी की बेटी ने ही आरोपी को बताया था कि शिक्षिका घर में अकेली रहती है और उनके पास काफी पैसा व गहने हैं। शव मिलने के बाद पुलिस का पहला शक मृतिका के भतीजे विनीत जायसवाल पर गया था, क्योंकि घटना वाले दिन वह सबसे पहले घर पहुंचा था। पुलिस ने उसे दो दिन तक बैठाकर पूछताछ की। इसके बाद शक की सुई घर में काम करने वाली नौकरानी लीला बाई (49) और उसकी बेटी मोना (30) पर घूमी। सख्ती से पूछताछ करने पर बेटी ने मुख्य आरोपी सागर मीणा का नाम उगल दिया। स्टेशन पर फेरीवालों ने की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर रेलवे स्टेशन तक के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में सागर मीणा पैदल आते-जाते दिखा। जब पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि वह अपना नाम बदल-बदल कर बताता था। रेलवे स्टेशन पर फेरी लगाने वालों ने उसकी पहचान की, जिसके आधार पर पुलिस उसे ट्रेस करने में सफल रही। झाबुआ कनेक्शन: मोना ने दी थी मुखबिरी
एसपी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी सागर उर्फ बंटी (38) मूलत: नागदा (उज्जैन) का है, लेकिन पिछले 3 साल से झाबुआ के खवासा गांव में रह रहा था। नौकरानी की बेटी मोना का ससुराल भी खवासा में है, वहीं से दोनों का संपर्क हुआ था। मोना ने ही सागर को टिप दी थी कि शिक्षिका घर में अकेली रहती है और वहां लूट की जा सकती है। पिस्टल छीनकर भागा तो पैर में मारी गोली
आरोपी का पता चलने पर जब पुलिस उसे पकड़कर ला रही थी, तो रानीसिंह के पास उसने टॉयलेट का बहाना बनाया। नीचे उतरते ही उसने डीडी नगर टीआई अनुराग यादव से झूमाझटकी कर पिस्टल छीन ली और भागने लगा। बचाव में टीआई सत्येंद्र रघुवंशी ने आरोपी सागर के पैर में गोली मार दी। आरोपी पर हत्या के साथ पुलिस पर जानलेवा हमले का केस भी दर्ज किया गया है। तीनों आरोपी कोर्ट में पेश होंगे, यह सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से 2 मोबाइल, 10 हजार रुपए नकद, चांदी का एक नोट और सोने के गहने (बाली, मोतियों की लटकन, चेन-पेंडल, 2 अंगूठी, 2 जोड़ी टॉप्स) जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को आज (गुरुवार) कोर्ट में पेश किया जाएगा।


