खाद लेने सुबह से दोपहर तक कतार में लगे किसान:थामला में भीड़ को देख पुलिस बुलानी पड़ी, किसान बोले- थक गए लाइन में खड़े-खड़े

उदयपुर के मावली ब्लॉक में यूरिया खाद को लेकर भारी भीड़ रही। वहां सुबह से खाद के लिए कतार में खड़े लोगों का दोपहर तक नंबर नहीं आया, जिससे लोगों ने आक्रोश जताया। खाद को लेकर लोगों को काफी परेशानियां हुईं। मावली उपखंड के थामला गांव में ​थामला ग्राम सेवा सहकारी समिति केंद्र पर गुरुवार सुबह से ही खाद लेने के लिए लोग पहुंच गए। केंद्र नहीं खुला, उससे पहले ही वहां किसानों की कतार लग गई थी। खाद आते ही लग जाती है दुकानों पर लाइन
उपखंड में यूरिया की किल्लत बनी हुई है। ऐसे में खाद आते ही खाद डीलरों की दुकान पर किसानों की लाइन लग जाती है। थामला गांव में खाद वितरण को लेकर बड़ी संख्या में किसान एकत्र हो गए। जानकारी के अनुसार थामला समिति पर खाद की आपूर्ति पहुंचते ही किसानों की भीड़ लग गई। वहां सुबह 10 बजे तक करीब 300 से अधिक किसान लंबी कतारों में खड़े होकर खाद लेने की प्रतीक्षा कर रहे थे। पुलिस ने की अपील
सुबह से कतार में लगे किसानों का नंबर नहीं आने पर उनमें आक्रोश था। अचानक बढ़ी भीड़ को देखते हुए और किसानों के आक्रोश के बीच मौके पर मावली पुलिस भी आई। बाद में पुलिस और समिति कर्मचारियों ने मिलकर किसानों को शांति से खाद वितरण कराने की अपील की, लेकिन किसानों ने कहा कि वे सुबह से आए और 11 बज गए, लेकिन उनको खाद नहीं मिली। किसान बोले- 8 बजे लाइन में लगे, 4 घंटे बाद भी नहीं मिली खाद
भारोड़ी गांव से आए किसान मांगीलाल गायरी ने बताया- सुबह 8 बजे से लाइन में लगे थे और 12 बजे भीड़ के बीच उनको लाइन से बाहर कर दिया। वापस पीछे की तरफ लगने को कहा। खाद को लेकर परेशान हो गए हैं। इस केंद्र पर आसपास की 4 पंचायतों के किसान खाद लेने आए थे। किसान सरसों और गेहूं की फसलों के लिए खाद लेने आए और कतार में लगे हैं। इनपुट : लिलेश सुंयल

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *