बुरहानपुर के अमरावती रोड स्थित कमल प्लाजा व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों ने गुरुवार को कॉम्प्लेक्स संचालक के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। दुकानदारों का आरोप है कि संचालक ने लेट बाथ बंद कर पार्किंग स्थल पर अन्य निर्माण कार्य कराया है। शिकायत की जांच के लिए गुरुवार दोपहर नगर निगम के इंजीनियरों की टीम कॉम्प्लेक्स पहुंची। इस दौरान दुकानदारों ने नगर निगम के अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कमल प्लाजा में दुकान संचालित करने वाले सुनील वाघे ने बताया कि कॉम्प्लेक्स संचालक ने महिला कर्मचारियों के लिए बने लेट बाथ को बंद कर दिया है और उसे मल्टीप्लेक्स वाले हिस्से में स्थानांतरित कर दीवार खड़ी कर दी है। वाघे ने यह भी आरोप लगाया कि कॉम्प्लेक्स की पार्किंग को खत्म कर वहां अन्य निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे दुकानदारों को भारी परेशानी हो रही है। लेट बाथ की अनुपलब्धता के कारण महिला कर्मचारियों ने काम छोड़ दिया है। इसके अतिरिक्त, कॉम्प्लेक्स के ऊपरी हिस्से में चल रहे निर्माण कार्य से दुकानों में सीलन आ रही है और पीओपी भी गिर रही है। नगर निगम के अधिकारियों ने दुकानदारों से चर्चा करने के बाद जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। वहीं, कमल प्लाजा की ओर से मौजूद रमेश लांडगे ने कहा कि यह कॉम्प्लेक्स काफी समय पहले बना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्किंग और अन्य समस्याओं को लेकर कॉम्प्लेक्स संचालक से चर्चा की जाएगी।


