सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडू में उपचार कराने वाले मरीजों को 6 जनवरी से अब अस्पताल में अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए मरीजों को चिकित्सक से दिखाने के लिए 5 रुपए जमा करने होंगे। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुविधा के लिए ओपीडी कक्ष के बाहर बने जालीनुमा केबिन में निर्धारित शुल्क जमा करने की व्यवस्था बनाई है। इसके लिए प्रबंधन ने दो प्रशिक्षित ऑपरेटरों में क्रमशः राकेश कुमार और महेंद्र महतो को प्रतिनियुक्त किया है। बताया जाता है कि मांडू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को इ अस्पताल से जोड़ा जा रहा है। यहां काउंटर पर रोगी अपनी समस्या बताएंगे। इसके अनुसार उन्हें संबंधित चिकित्सक के पास उपचार कराने की लिखित परमिशन (पर्ची) होगी। अस्पताल के काउंटर में नंबर लगाने के लिए सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे का समय निर्धारित किया गया है। भीड़ से बचने के लिए अस्पताल परिसर में स्कैनर की भी सुविधा उपलब्ध होगी। इस बात की जानकारी अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ रश्मि रोमिला सांगा ने दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल के काउंटर में भीड़ से बचने के लिए लोग घर बैठे स्कैनर के मदद से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। हालांकि इसकी शुरूआत अभी नहीं की गई है। स्वास्थ्य विभाग इसकी तैयारी में जुटा हुआ है।


