महाराष्ट्र राज्य के परभणी में डॉ. बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा के साथ घटित घटना के विरोध में शुक्रवार को जिले में ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज किया गया। बुरहानपुर में भीम सेना की ओर से संयुक्त कलेक्टर अशोक कुमार जाधव को ज्ञापन सौंपा गया। वहीं, नेपानगर में बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया ने नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल को ज्ञापन सौंपा। बुरहानपुर में भीम सेना की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि 10 दिसंबर को महाराष्ट्र के परभणी शहर में कलेक्टर कार्यालय के समीप एक व्यक्ति ने बाबा साहब की प्रतिमा के सामने रखी संविधान की प्रति के साथ तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। इससे समाज में आक्रोश है। शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान आंबेडकर अनुयायियों पर लाठीचार्ज हुआ। इस घटना की हम निंदा करते हैं। इस दौरान भीम सेना के जिलाध्यक्ष सचिन गाढ़े, भीम आर्मी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दत्तु मेढ़े सहित काफी संख्या में समाजजन मौजूद थे। नेपानगर में टीआई को सौंपा ज्ञापन नेपानगर में दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया, डॉ. बाबा साहब अंबेडकर सामाजिक एकता मंच के संयुक्त तत्वावधान में परभणी महाराष्ट्र में डॉ. बाबा साहब आंबेडकर प्रतिमा के साथ की गई तोड़फोड़ की घटना के विरोध में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन टीआई ज्ञानू जायसवाल को सौंपा गया। मांग की गई कि भविष्य में ऐसी घटना न हो इसलिए अंबेडकरी बहुजन समाज के संतों, महापुरूषों की प्रतिमा, प्रेरणा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की जाए। इस दौरान दि बुद्धिस्ट सोसायटी शाखा नेपानगर के महासचिव एनके तायड़े, कोषाध्यक्ष भास्कर मेढ़े, अधिवक्ता सिद्धार्थ जे शिंदे, दगडु चूंचेकर, रोहित सोनवणे, भीमराव गायकवाड़, डॉ. अंबेडकर सामाजिक एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष गौतम इंगले, छगन पटाईट, निसार खान, माणिक मगरे, विष्णु घाटे, अब्दुल रजाक पटेल, अजय सौंधिया सहित अन्य मौजूद थे।


