बलौदाबाजार में जिला प्रशासन ने अवैध धान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर गठित एक संयुक्त टीम ने गुरुवार को भाटापारा विकासखंड के मोपका में मेसर्स नारायण साहू अनाज भंडार से 349 क्विंटल अवैध धान जब्त किया। इस धान का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 7 लाख 69 हजार रुपये है। यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ की गई है जो धान खरीदी केंद्रों पर गलत तरीके से धान बेचने की कोशिश करते हैं। संयुक्त टीम में तहसीलदार यशवंत राज, सहायक खाद्य अधिकारी लक्ष्मण कश्यप और मंडी उपनिरीक्षक प्रफुल मांझी व श्याम लाल शामिल थे। टीम ने नारायण साहू के अनाज भंडार पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान 349.60 क्विंटल अवैध धान बरामद किया गया। संचालक नारायण साहू के खिलाफ मंडी अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त किए गए धान के साथ गोदाम को संचालक की मौजूदगी में सील कर दिया गया।


