रायपुरा से पचपेड़ी नाका के बीच हर महीने 13-14 सड़क हादसे हो रहे हैं। इसे रोकने के लिए मुख्य सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे जल्द ही नजर नहीं आएंगे। लगभग 83 करोड़ रुपए की लागत से इन खंभों को हटाकर चौक-चौराहों पर 12 किमी अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाई जा रही है। बिजली विभाग रावाभाठा से पचपेड़ी नाका तक केबल बिछाने का काम लगभग पूरा कर चुका है। वर्तमान में रायपुर चौक और जगन्नाथ मंदिर के आसपास तेजी से केबल बिछाई जा रही है। यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट न सिर्फ रास्तों को सुरक्षित बनाएगा, बल्कि लंबे समय से सड़क दुर्घटनाओं की वजह बने बिजली खंभों और झूलते तारों से भी छुटकारा दिलाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर ट्रैफिक सुचारू चलेगा और सड़क पर अधिक जगह उपलब्ध होगी। इसलिए जरूरी अंडरग्राउंड लाइन बिजली विभाग के एग्जक्यूटिव इंजीनियर विनय चंद्राकर के मुताबिक टाटीबंध से तेलीबांधा तक का यह मार्ग शहर का सबसे व्यस्त रूट है, जहां भारी वाहनों, दोपहिया और पैदल यात्रियों की लगातार आवाजाही रहती है। सड़क किनारे खंभे, ट्रांसफॉर्मर और लटकते तार दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते रहे हैं। बारिश के दौरान तार टूटने से करंट लगने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए स्थानीय लोग लंबे समय से अंडरग्राउंड बिजली व्यवस्था की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, क्षेत्र को आधुनिक लुक मिलेगा, और सड़क चौड़ीकरण की योजनाओं में तेजी आएगी, क्योंकि खंभों के कारण कई जगह सड़क संकरी हो जाती है। दावा- दिसंबर 2025 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट रावाभाठा से पचपेड़ी नाका तक करीब 12 किमी लंबाई में अंडरग्राउंड केबलिंग की जाएगी। इसके लिए 80 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया है। विभाग के अनुसार-केबल बिछाने का काम लगभग पूरा है, अब ओवरहेड लाइनों को हटाने की तैयारी चल रही है, दिसंबर 2025 तक पूरा प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा। बिजली के खंभों में लगी स्ट्रीट लाइटें पहले नगर निगम के पोलों में शिफ्ट की जाएंगी, उसके बाद खंभे हटाए जाएंगे। इससे ये होगा लाभ इस मार्ग पर रोज ऐसी होती हैं घटनाएं, अब राहत मिलेगी ट्रैफिक डीएसपी सतीश सिंह ठाकुर ने बताया कि रायपुरा चौक से पचपेड़ी नाका के बीच हर महीने करीब 13-14 सड़क हादसे होते हैं, जिनमें अधिकांश वाहन आपस में टकराने की घटनाएं होती हैं। बढ़ते ट्रैफिक और संकरी सर्विस लेन को देखते हुए यातायात विभाग ने सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए कदम उठाए हैं। अंडरग्राउंड केबलिंग के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर बिजली विभाग ने कई स्थानों पर काम शुरू कर दिया है। सड़क से खंभे हटने के बाद सर्विस लेन चौड़ी हो जाएगी, जिससे जाम की समस्या कम होगी, वाहनों की आवाजाही सुचारू होगी और सड़क का स्वरूप भी बेहतर दिखेगा।


