150 परिवार वाले गांव में सन्नाटा:मासूम की नानी बोलीं- सलमान को जनता के हवाले करो, हैवान का एनकाउंटर करो…

छह वर्षीय बच्ची से रेप के बाद उसका परिवार बदहवास है। बच्ची की नानी ने रोते हुए कहा- हम तो बच्चियों को देवी मानते हैं, पर सलमान ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसे पकड़कर जनता के हवाले किया जाए, सबके सामने एनकाउंटर किया जाए। मासूम के नाना-नानी 21 नवंबर की रात 12 बजे घटना की जानकारी मिलते ही पहुंचे। बच्ची को एम्स भोपाल ले जाया जा चुका था। घर में खून से सने कपड़े देखकर वे कांप उठे। दोनों ही अब बच्ची के बड़े और छोटे भाई की देखरेख कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए उनके कच्चे मकान के बाहर छह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। करीब 150 परिवार वाले पूरे गांव में सन्नाटा है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले कभी ऐसी घटना नहीं हुई। गुरुवार सुबह एसपी आशुतोष गुप्ता घर पहुंचे और नाना-नानी से करीब एक घंटे तक बात की। उन्होंने आरोपी सलमान की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। नानी ने बताया कि बच्ची 21 नवंबर को पड़ोस में गई थी। गांव के बच्चों ने बताया कि सलमान उसे अपने साथ ले गया था। करीब डेढ़ घंटे बाद बच्ची लहूलुहान लौटी। गांव के एक युवक के अनुसार सलमान पास ही क्रशर मशीन पर चौकीदार था और गांव की किराना दुकान पर अक्सर आता था। हाइवे से तीन किमी अंदर गांव… बच्ची का गांव क्रशर से घिरा है। हाइवे से तीन किमी अंदर स्थित इस गांव में मजदूर और चौकीदार आवाजाही करते हैं। फिलहाल क्रशर बंद हैं और गांव में सन्नाटा है। ग्रामीणों का मानना है कि सन्नाटे का फायदा उठाकर सलमान ने वारदात की। बच्ची का बड़ा भाई पांचवीं में पढ़ता है, बहन की हालत से अनजान है। उसे सिर्फ इतना पता है कि वह बीमार है और भोपाल में भर्ती है। छोटा भाई ढाई साल का है। ग्रामीणों ने बच्चों को घरों में किया सुरक्षित: घटना के बाद गांव में दहशत है। बच्चे अब घरों के बाहर नहीं निकलते। ग्रामीणों ने कहा कि 21 नवंबर के बाद बच्चों को घरों तक सीमित कर दिया है। धमकाने वाला अनस भी गिरफ्तार: गौहरगंज में बुधवार के प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों को धमकाने वाले अनस को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वह वीडियो में धमकाते हुए दिखा था। गिरफ्तारी की खबर के बाद कम हुआ तनाव
गौहरगंज में घटना के बाद से महिलाओं और सकल हिंदू समाज में काफी गुस्सा था। गुरुवार दोपहर उन्होंने सलमान की गिरफ्तारी के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था। चेतावनी दी थी कि अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। शांति समिति बैठक में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आंदोलन के कारण पुलिस को दो मोर्चे संभालने पड़ रहे हैं। सकल हिंदू समाज के शिवकुमार भार्गव ने कहा कि रात में सलमान की गिरफ्तारी की खबर के बाद तनाव कुछ कम हुआ।एसपी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि आरोपी की तलाश में 20 से ज्यादा टीमें और 250 पुलिसकर्मी लगे थे। कई जगह दबिश दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *