सीकर में सीजन की पहली मावठ, अब बढ़ेगी सर्दी:बादलवाही से न्यूनतम तापमान बढ़ा, आज 8.5 डिग्री दर्ज, संडे से ठिठुरन बढ़ेगी

सीकर में आज मौसम में बदलाव आया है। पलसाना-रानोली इलाके में आज सुबह सीजन की पहली मावठ हुई। सीकर जिले के पूर्वी-उत्तरी हिस्से में आज धूप भी देरी से निकली। बादलों के कारण ठंडी हवाएं कमजोर हैं, लेकिन बारिश के कारण सर्दी का अहसास बढ़ गया है। पलसाना में आज सुबह 5 बजे से रुक-रुककर हल्की बारिश का दौर लगातार जारी है। नया वेदर सिस्टम के एक्टिव होने के कारण तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। 2 दिन पहले सीकर में पारा जमाव बिंदु के पास 2.5 डिग्री दर्ज हुआ तो वहीं आज सुबह न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया। आज सीजन की पहली मावठ होने के कारण 24 घंटे बाद तापमान में गिरावट का अनुमान है। बीती रात एकबारगी ठंडी हवाएं तेज चलीं, आधी रात के बाद बादलों के कारण हवाएं थम गईं। इसके बाद से लगातार बादल छाए हुए हैं। वेदर एक्सपर्ट्स का मानना है कि नया वेदर सिस्टम बनने के चलते मौसम में लगातार बदलाव होगा। अगले 3 दिन तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनेगी। प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर (सामान्य के आसपास) दर्ज किया जा रहा है। नए वेदर डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 29 नवंबर तक सीकर समेत राज्य के कुछ भागों में बादल छाने व कहीं-कहीं हल्की बारिश/बूंदाबांदी होने की संभावना है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार बादलवाही के कारण उत्तरी-पूर्वी राजस्थान में तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई है। इससे 2 दिन पहले तक प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर में दर्ज किया जा रहा था। सीकर समेत आसपास के क्षेत्र में अगले 24 घंटे मौसम स्थिर बना रहेगा। बारिश का दौर रुकने के बाद तेज सर्दी का असर बढ़ेगा। फिलहाल न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा और रात में धीमी गति से ठंडी हवाएं चल सकती हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही होने के कारण न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा तो वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *