सतना। जिले के मझगवां ब्लॉक के एक गांव में ग्रामीण के घर पर खाद का अवैध भंडारण पाया गया है। कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्यवाही के बाद ग्रामीण के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उप संचालक कृषि मनोज कश्यप ने बताया कि काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि मझगवां ब्लॉक के देवरा गांव में एक ग्रामीण खाद की कालाबाजारी कर मंहगे दाम में किसानों को बेच रहा है। इसी आधार पर खाद निरीक्षक अशोक निगम के नेतृत्व में शुक्रवार की शाम एक टीम ने कोलकड़िया मार्ग पर देवरा गांव निवासी रामसुंदर द्विवेदी के मकान पर दबिश दी। टीम के साथ धारकुंडी थाना पुलिस भी थी। टीम ने जब मकान की तलाशी ली तो कमरों में खाद का भंडारण मिला। अलग-अलग कंपनियों की 168 बारी खाद पाई गई। आरोपी रामसुंदर द्विवेदी से जब खाद खरीदने के दस्तावेज मांगे गए तो उसके पास नही मिले। खाद की जब्ती बनाकर सेवा सहकारी समिति देवरा को सौंप दी गई है। 6 घंटे चली कार्रवाई खाद की कालाबाजारी पकड़े जाने के बाद करीब 6 घंटे कार्रवाई चली। खाद निरीक्षक अशोक कुमार निगम की शिकायत पर धारकुंडी थाना में आरोपी रामसुंदर द्विवेदी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। खाद की किल्लत के बीच मिली कैसे? एक ओर पूरे जिले में खाद की मारा मारी मची है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर आरोपी रामसुंदर को इतनी मात्रा में खाद कहाँ से मिली? इस पूरे मामले की जांच हो जाये तो कालाबाजारियों के गठजोड़ का खुलासा संभव है।


