SIR सर्वे के दौरान बीएलओ बेहोश, आईसीयू में एडमिट:देर रात ड्यूटी पर थी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता; जिले में 79% सर्वे पूरा

खंडवा में गुरुवार रात मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के दौरान एक बीएलओ की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह घासपुरा स्थित स्कूल में फॉर्म अपडेशन का काम कर रही थीं और रात करीब 9.30 बजे बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। सहयोगियों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया। घटना छत्रपति शिवाजी वार्ड 14 के बूथ क्रमांक 161 में हुई। बीएलओ शमा अली उस समय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में ड्यूटी कर रही थीं। लगातार काम और लंबे समय तक ड्यूटी करने के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी। नेताओं ने अस्पताल जाकर हाल जाना घटना की जानकारी मिलने पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी, नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर, पार्षद मनोज मंडलोई और अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ICU में भर्ती बीएलओ के परिजनों और डॉक्टरों से स्थिति की जानकारी ली। परिजन के अनुसार सुबह से लेकर देर रात तक कार्य करने के कारण स्थिति बिगड़ी है। बता दें कि, कम प्रगति वाले बूथों पर गुरुवार को ही सेक्टर अधिकारियों ने जाकर जायजा लिया था। जिले में 79% सर्वे का काम पूरा जिले में एसआईआर के कार्य में अब तक 10 लाख 29806 मतदाताओं में से 8 लाख 17851 मतदाताओं के फार्म भरकर डिजिटलाइजेशन हो चुका है, जो कि कुल 79.42 प्रतिशत है। जिले में सबसे कम प्रगति खंडवा विधानसभा क्षेत्र में है, जहां अब तक केवल 72.25 प्रतिशत फार्म अपलोड हुए हैं। खंडवा विस में अब भी 77,941 फार्म भरना बाकी है। SIR कार्यक्रम में केवल एक सप्ताह शेष है, जिससे काम का दबाव बीएलओ पर बढ़ता जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *