कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने भारत आदिवासी पार्टी (BAP) पर निशाना साधा। खराड़ी ने कहा कि धरियावद विधानसभा क्षेत्र के BAP विधायक को जनता के दुख-दर्द में साथ होना चाहिए, लेकिन वे झारखंड और बिहार में घूम रहे हैं। खराड़ी ने यहां तक कहा कि आदिवासियों का भला करने के नाम पर यह पार्टी सिर्फ अपनी दुकान चलाने के लिए नारे लेकर आई है। खराड़ी ने कहा- मेरा जनप्रतिनिधि मेरे बीच, मेरे सुख-दुख में साथ रहे, लेकिन वे यात्रा कर रहे हैं। भाजपा के प्रत्याशी रहे कन्हैयालाल मीणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- अगर वे यहां से जीतकर जाते और मेरे पास आकर कहते कि काम करो, तो मुझे करना पड़ता। मैं आज भी यहां के काम कर रहा हूं, लेकिन थोड़े खट्टे मन से कर रहा हूं। ये बातें बाबूलाल खराड़ी ने सलूंबर जिले के लसाड़िया क्षेत्र में कहीं। इस दौरान उन्होंने कई पंचायत भवनों का उद्घाटन किया। उदयपुर के सांसद डॉ. मन्नालाल रावत भी उनके साथ थे। कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहीं 3 बड़ी बातें… 1. यह बात तो हम सब भी कह रहे हैं, इसमें नया क्या ?
जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा- जनता मेरी है, मैं जनता के काम करूंगा, लेकिन अगर धरियावद विधानसभा में हमारा बीजेपी का विधायक होता तो मैं दोगुने उत्साह से काम करता। यहां से जो बीएपी पार्टी के विधायक जीतकर गए, क्या वो हमारे पास आएंगे? नहीं आएंगे, तो आपके काम नहीं होंगे।” उन्होंने बीएपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह नई पार्टी आई है। इस पार्टी के नेताओं ने कहा था कि वे आदिवासियों की भलाई के लिए आए हैं और उनकी आदिवासियों की पार्टी है। बाद में इन नेताओं ने कहा, “मुसलमान हमारा भाई है,” फिर कहा, “सब मिलकर हम भाई हैं।” खराड़ी ने कहा कि यह बात तो हम सब भी कह रहे हैं, इसमें नया क्या है। ये आदिवासियों का भला करने वाले नहीं है, ये तो खुद का भला कर रहे है। 2. बिहार में कहां-कहां की हवा खा रहे हैं
बाबूलाल खराड़ी ने धरियावद के विधायक थावरचंद का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा कि आपके विधायक को आपके बीच रहना चाहिए, लेकिन वे झारखंड और बिहार में कहां-कहां की हवा खा रहे हैं। अरे, मेरा जनप्रतिनिधि मेरे बीच, मेरे सुख-दुख में साथ रहे, लेकिन वे यात्रा कर रहे हैं। 3. 50-55 साल तक राज किया, लेकिन क्या किया?
जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- 50-55 साल तक राज किया, लेकिन क्या किया? उनकी सरकारी गाड़ी से जो धुआं निकल रहा है, वह भी जनता के पैसे का ही है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने गरीबी हटाने का नारा दिया था, यही बात राहुल गांधी भी कहते हैं, लेकिन मैं पूछना चाहता हूं कि आपको रोका किसने है? मंत्री खराड़ी ने आगे कहा कि अगर 70 साल से इतना पैसा पहले मिलता तो गांवों की काया पलट जाती, लेकिन कांग्रेस ने विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। खराड़ी और सांसद रावत ने उदयपुर लोकसभा के विधानसभा क्षेत्र धरियावद के ग्राम पंचायत शोभजी का गुड़ा के नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन, नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन बेडास एवं उपस्वास्थ्य केंद्र बेडास का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत चंदा जी का गुड़ा के नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन का भी उद्घाटन किया। बेडास चौराहा पर बेडास के ग्रामीणों ने जेसीबी से पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। वीडियो : भैरूलाल आमेटा, लसाड़िया ———— मंत्री बाबूलाल खराड़ी से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी बोले- बच्चे आप पैदा करो खूब:पीएम मोदी आपका मकान बना देंगे, फिर तकलीफ किस बात की है राजस्थान के जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि बच्चे आप पैदा करो खूब। प्रधानमंत्री मोदी जी आपका मकान बना देंगे, फिर तकलीफ किस बात की है। खराड़ी के इस बयान के बाद सभा में मौजूद लोगों ने जमकर ठहाके लगाए तो मौजूद जनप्रतिनिधि इधर-उधर देखने लगे। पढ़ें पूरी खबर


