मढा भाऊ उपकेंद्र में ट्रांसफॉर्मर में लगी भीषण आग, धौलपुर जिले के मढा भाऊ स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र में शुक्रवार सुबह अचानक ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड टीम की मदद से आग पर नियंत्रित किया गया। विद्युत निगम के एईएन अनुराग मित्तल ने बताया कि सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट होने के कारण 3.15 एमबीए क्षमता वाले पावर ट्रांसफॉर्मर में भीषण आग भड़क उठी। ट्रांसफॉर्मर से उठे धुएं के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तुरंत ही निगम अधिकारियों और फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनज़र तत्काल विद्युत लाइन बंद कर दी और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। एईएन मित्तल के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से लगी आग की चपेट में आने से ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है। घटना के बाद क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल उपकेंद्र से जुड़ी विद्युत आपूर्ति बाधित है, जिसे जल्द ही बहाल करने का आश्वासन दिया गया है। वहीं, निगम अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश जारी किए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय तेज आवाज और धुआं उठने से क्षेत्र में दहशत फैल गई, लेकिन तुरंत समय पर कार्रवाई की वजह से बड़ा हादसा टल गया।


