कोरिया में हाथियों ने वृद्ध को कुचलकर मार डाला:रेलवे ट्रैक के किनारे झोपड़ी बनाकर रहता था वृद्ध, पहुंचा 11 हाथियों का दल

कोरिया जिले के बिशुनपुर में बीती रात 11 हाथियों के दल ने 70 वर्षीय वृद्ध को कुचलकर मार डाला। वृद्ध रेलवे ट्रेक के किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहा था। नेशनल हाईवे को पार कर बिशुनपुर पहुंचे हाथियों ने वृद्ध की झोपड़ी को तोड़ दिया। वृद्ध ने भागने की कोशिश की, जिसे दौड़ाकर हाथियों ने कुचल दिया। मामला बैकुंठपुर वन परिक्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कटघोरा रेंज से 11 हाथियों का दल कुछ दिनों पूर्व कोरिया जिले की सीमा में प्रवेश किया। हाथियों का दल गुरुवार को रासा, गदबदी के पास पहुंचा था। शाम को हाथियों को ग्रामीणों ने खदेड़ा तो वे चरचा की ओर आगे बढे। हाथियों के दल ने रात करीब दो बजे नेशनल हाईवे 43 को पार किया और बिशुनपुर में रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गए। ट्रेन के गुजरने से बिदके हाथी, वृद्ध को कुचला
11 हाथियों के दल के रेलवे ट्रैक पार करने से पहले ही वहां से मालागाड़ी तेज रफ्तार से गुजरी, जिसके कारण हाथियों का दल बिखर गया। हाथी बिशनुपर के बांधपारा में रेलवे ट्रैक के किनारे पेड़ के नीचे झोपड़ी बनाकर रह रहे फुलसाय पंडो के पास पहुंच गए।हाथियों ने फुलसाय पंडो की झोपड़ी को तोड़ दी। हाथियों को देखकर फुलसाय पंडो ने भागने की कोशिश की, जिस दौड़ाकर हाथियों ने सूंढ़ से उठाकर पटक दिया। हाथियों के पटके जाने से फुलसाय पंडो की मौके पर मौत हो गई। रात को हाथियों का दल रेलवे ट्रैक पार कर सोनहत जंगल की ओर रवाना हो गया। सुबह मिला वृद्ध का शव
सुबह खेत की ओर गए लोगों ने वृद्ध फुलसाय पंडो का शव पड़ा देखा और सूचना वनविभाग के कर्मियों व चरचा पुलिस को दी। सूचना पर डिप्टी रेंजर मंगल साय एवं चरचा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय का दल मौके पर पहुंचा। वृद्ध के शव को पंचनामा पश्चात पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक फुलसाय पंडो का अपना कोई परिवार नहीं है। उसके भाई समय लाल पंडो एवं भतीजों का परिवार गांव में रहता है। फुलसाय पंडो कई सालों से झोपड़ी बनाकर रह रहा था। उसे दो बार हटाया भी गया था, लेकिन वह वापस अपनी झोपड़ी में आ जाता था। उसके नाम पीएम आवास भी स्वीकृत हुआ था जो निर्माणाधीन है। वनविभाग के अमले ने परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25 हजार रुपए प्रदान किया। चरचा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि रात को वनविभाग द्वारा मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया था एवं वनविभाग की निगरानी में हाथियों के दल को पार कराया गया था, लेकिन फुलसाय पंडो को संभवतः हाथियों के पार होने की सूचना नहीं थी। डिप्टी रेंजर मंगल साय ने बताया कि हाथियों का उक्त दल करीब डेढ़ माह पूर्व सोनहत क्षेत्र से विचरण करते हुए कटघोरा वन मंडल की ओर चला गया था। हाथियों का यह दल वापस लौट रहा था। फिलहाल हाथी सोनहत वन परिक्षेत्र की ओर चले गए हैं। वनविभाग द्वारा हाथियों के दल की निगरानी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *