सूदखोर वीरेंद्र और रोहित तोमर मामले में एक नया खुलासा हुआ है। तोमर भाई हनी ट्रैप गैंग भी ऑपरेट करते थे। पहले कारोबारियों की रेकी करवाते, फिर इस गैंग के सदस्य कारोबारियों से दोस्ती करते थे। इन्हें नशे की लत लगवाते और फिर हनी ट्रैप में फंसाते थे। होटलों और पब में ले-जाकर अश्लील वीडियो बनवाते और फिर यहीं से शुरू होता था इनका ब्लैकमेलिंग, सूदखोरी और वसूली का काला धंधा। दैनिक भास्कर ने तोमर ब्रदर्स के हनी ट्रैप गैंग मामले में पड़ताल की है। यह इस पूरे मामले में अब तक का सबसे बड़ा खुलासा है। सराफा कारोबारी हनी ट्रैप का हुआ शिकार भास्कर ने पड़ताल के दौरान रायपुर के उस सराफा कारोबारी को ढूंढ निकाला, जो हनी ट्रैप का शिकार हुआ। इस शख्स ने वीरेंद्र-रोहित और उसके गुर्गों से माता-पिता, बीवी, भाई को बचाने अपना सबकुछ गंवा डाला। पहले इस कारोबारी से 5000 रुपए रोजाना वसूली शुरू हुई, जो 2 लाख रुपए प्रति दिन तक जा पहुंची। ऐसा करते-करते उसने एक साल में ही 5 लाख लोन का 1.5 करोड़ रुपए दे डाला। ऐसे एक नहीं, कई पीड़ित हैं लेकिन वे सिर्फ 2 वजह से पुलिस के सामने नहीं आ रहे। पहला- बदनामी। दूसरा- वीरेंद्र-रोहित छूटे तो उनसे जान का खतरा। गैंग का तरीका
रेकी → दोस्ती → नशा → अश्लील वीडियो → ब्लैकमेल → वसूली पीड़ित: रायपुर का सराफा कारोबारी
5 लाख लोन लिया, चुकाए 1.5 करोड़
(2017 से फंसा) क्यों चुप रहा?
बदनामी + जान का खतरा + लगातार धमकियां कारोबारी की आपबीती- कैसे तोमर ब्रदर्स के जाल में फंसा पीड़ित ने भास्कर से बातचीत में बताया मैं रायपुर में रहता हूं। साल 2017-18 में सराफा कारोबारी था, लेकिन आज मुझे दूसरे की दुकान में नौकरी करनी पड़ रही है। दरअसल, 2017 में मैं समता कॉलोनी स्थित स्पा सेंटर में रिलेक्स के लिए जाता था। वहीं मेरी मुलाकात राज आर्यन से हुई, वह बाउंसर था। बातचीत होते-होते दोस्ती हो गई। वह मुझे बार, पब में ले जाने लगा। पहले शनिवार, रविवार और उसके बाद तो लगभग रोज हम जाने लगे। इस दौरान मैं ज्यादा शराब पीने लगा, फिर होश नहीं रहता था। कभी फ्लैट में ले गया, कभी होटल में। वहां उसने मेरे लड़कियों के साथ अश्लील वीडियो बनाए। एक दिन राज ने मुझे वीडियो दिखाकर बोला- मामले को क्लोज करते हैं, 25 हजार रुपए दो। मैंने दे दिए। इसके बाद वह मुझे ब्लैकमेल करने लगा। एक दिन 5 लाख रुपए मांगा। नहीं देने पर बोला- वीडियो वायरल कर दूंगा। मैंने उसे पैसे दिए, उसने फिर 5 लाख मांगे। मैंने कहा- मेरे पास अब पैसे नहीं हैं। उसने मुझे कहा- एक भइया हैं, वे ब्याज में पैसे देते हैं। वह मुझे साईं बिला ले गया, जहां वीरेंद्र-रोहित दोनों थे। बोले- 5 लाख रुपए 10 प्रतिशत ब्याज पर दूंगा। मैं क्या करता… उन्होंने सीधे 1.75 लाख रुपए (25%) काटकर 3.25 लाख मुझे दिए, बोले- 100 दिन में 5 हजार रुपए प्रतिदिन के हिसाब से लौटाना है। उन्होंने ब्लैंक चेक, ब्लैंक स्टाम्प पेपर, ब्लैंक हुंडी पर कई साइन लिए। मैंने घर में किसी को इसके बारे में नहीं बताया। वीरेंद्र का वसूली एजेंट योगेश सिन्हा दुकान आने लगा। महीने भर भी नहीं हुए थे, बोला- अब 2 लाख रुपए प्रति दिन देना होगा। मैंने अपनी दुकान से चोरी की। मां, भाभी, पत्नी के गहने चुराए। मेरी दुकान का स्टॉक खाली हो गया। 6 किलो सोना भी उसे दे दिया। सारा लेन-देन कैश में होता था। जब सब तरफ से तबाह हो गया तो परिवार में बताया। कोतवाली थाने में एफआईआर करवाई। 25 नवंबर 2025 को पेशी थी, डेट आगे बढ़ गई। वीरेंद्र के लोग आज भी डराते, धमकाते हैं…। (बातचीत के दौरान कारोबारी बेहद डरा हुआ था। बोले- मैं रिश्तेदार,परिवार में किसी का सामना नहीं कर पाता। मुझे डर है कि तोमर ब्रदर्स के लोग मुझे मार डालेंगे। उसके अनुरोध पर ही उसकी फोटो प्रकाशित नहीं की जा रही है।) तोमर ब्रदर्स का भाठागांव में 10 करोड़ का घर भाठागांव स्थित तोमर ब्रदर्स का घर, जो किसी आलीशान बंगले से कम नहीं है। आकलन है कि इस बंगले की कीमत 10 करोड़ रुपए से अधिक है। पुलिस आने वाले समय में इसका भी वेरिफिकेशन करवाएगी। क्योंकि बंगले की साज-सज्जा, इसमें इस्तेमाल फर्नीचर, पर्दे और कंस्ट्रक्शन मटेरियल का पेमेंट नहीं किया है। रोहित तोमर अब भी फरार पुलिस, राजस्व के अनुमान के मुताबिक सभी जमीनों की कीमत 20 करोड़ रुपए से अधिक है। उसने जिस समय खरीदी की, वो कलेक्टर गाइड-लाइन से कम दर पर की। उसमें भी गड़बड़ी की। इतना ही नहीं, पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसने, परिवार के अलावा भी किन्हीं अन्य के नाम पर तो जमीनें नहीं खरीदीं। शिकायत पर कार्रवाई करेंगे एडिशनल एसपी लखन पटले ने कहा कि तोमर ब्रदर्स के खिलाफ लगातार शिकायतें आ रही हैं। कारोबारी सामने आ रहे हैं। बीते दिनों देवेंद्र नगर में एक कारोबारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज हुई है। शिकायतें आएंगी तो पुलिस वैधानिक कार्रवाई करेगी। ……………………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… तोमर-ब्रदर्स की मां बोली- खारुन आरती से दुश्मन बना लिए: छोटा बेटा संगत में बर्बाद हुआ; जानिए अंडे के ठेले से कैसे बनाई करोड़ों की संपत्ति? रायपुर के सूदखोर तोमर ब्रदर्स के साथ अब पूरे परिवार पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। हालांकि वीरेंद्र और रोहित तोमर फरार हैं, दोनों की तलाश पुलिस कर रही है। इस बीच दैनिक भास्कर की टीम तोमर बंधुओं के आलीशान बंगले पहुंची। तोमर बंधुओं से अपनों ने भी किनारा कर लिया है। 5 हजार स्क्वायर फीट से ज्यादा एरिया में फैला यह बंगला वीरान था। पढ़ें पूरी खबर…


