धौलपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कृषि उपज मंडी समिति के सचिव के.सी. मीणा को ₹45,000 की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, सचिव ने दुकान का लाइसेंस जारी करने के एवज में यह रिश्वत मांगी थी। भरतपुर एसीबी टीम प्रभारी जगदीश शर्मा के नेतृत्व में यह ट्रैप कार्रवाई की गई। पीड़ित पक्ष ने सचिव द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी में दर्ज कराई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने ट्रैप की रणनीति तैयार की। पूर्व निर्धारित संकेत मिलते ही एसीबी टीम ने मंडी कार्यालय में अचानक दबिश दी और सचिव कैलाश चंद मीणा को रिश्वत लेते ही पकड़ लिया। एसीबी की कार्रवाई से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद की और मौके पर दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई के बाद मंडी के व्यापारियों ने तालियां बजाकर एसीबी टीम का स्वागत किया। व्यापारियों ने कहा कि सचिव काफी समय से अवैध वसूली में लिप्त था और कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई अब जाकर हुई है। एसीबी अब यह जांच कर रही है कि क्या सचिव इससे पहले भी किसानों और व्यापारियों से रिश्वत वसूलता रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


