हरदोई में डीजे बंद करने पर दूल्हे के जीजा ने डीजे मालिक के पिता को मारी गोली: अफरातफरी के बीच शादी टूटी, बारात बिना दुल्हन लौटी हरदोई में शादी समारोह के दौरान डीजे बंद करने पर दूल्हे के प्रॉपर्टी डीलर जीजा और उसके भाई ने डीजे मालिक के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों जैगुआर कार से शादी समारोह में पहुंचे थे। द्वारचार के कार्यक्रम के बाद प्रशासनिक आदेश के अनुसार रात 12 बजे डीजे बंद कर दिया गया था। दूल्हे का जीजा और उसका प्रॉपर्टी डीलर दोस्त शराब के नशे में धुत होकर डांस कर रहे थे। दोनों ने फिर से डीजे बजाने को कहा। मना करने पर गाली-गलौज करने लगे। कर्मचारी ने डीजे के मालिक और उसके पिता को फोन करके बुला लिया। उन्होंने प्रशासनिक आदेश का हवाला दिया, पर आरोपी नहीं माने। आरोपी ने अपने साथी से कहा- असलहा निकालो, गोली मारो, सब वकीलों से निपटा दूंगा। करोड़ों की जैगुआर चलाता हूं, हल्के में ले रहा है। तभी दोनों ने डीजे मालिक के पिता के पेट में गोली मार दी। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। बीच रास्ते में मौत हो गई। पुलिस पहुंची तो आरोपी जैगुआर कार को छोड़कर फरार हो चुके थे। पुलिस ने दुल्हे समेत करीब 15 लोगों को हिरासत में ले लिया। बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। घटना जिला मुख्यालय से 68 किलोमीटर दूर अतरौली थाना क्षेत्र की है। दोनों आरोपी लखनऊ के मशहूर इशारा ग्रुप (प्रॉपर्टी डीलिंग कंपनी) के चेयरमैन हैं। तस्वीरें देखिए… पूरा मामला पढ़िए…
लखनऊ के काकोरी निवासी विकास की शादी हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुरा मजरा के नेवादा विजय गांव निवासी रेशमी से होनी थी। गुरुवार को रात 8 बजे बाराती ढोल-नगाड़े पर डांस करते हुए पहुंचे थे। इसी दौरान दूल्हे का जीजा आकाश गौतम अपने बड़े भाई अभिषेक गौतम के साथ अपनी जैगुआर कार से बारात में पहुंचा था। रात 11:30 बजे तक द्वारचार का कार्यक्रम शांतिपूर्वक चला। प्रशासनिक आदेशानुसार, 11 बजे डीजे बंद कर दिया गया। डीजे कर्मचारी रिंकू और अरुण ने बताया- आरोपी आकाश और अभिषेक शराब के नशे में धुत होकर रात 12 बजे पहुंचे, डीजे फ्लोर पर डांस करने लगे। गाली-गलौज करते हुए बोले- ‘डीजे तुरंत चालू करो।’ दोनों नशे में थे और बार-बार धमका रहे थे।” मना करने पर मारपीट पर उतारू हो गए। पिस्टल दिखाकर धमकाने लगे। मामला बिगड़ने पर कर्मचारी रिंकू ने डीजे मालिक पुत्तीलाल (45) और उनके बेटे अमित को मौके पर बुला लिया। दोनों ने प्रशासनिक आदेश का हवाला देकर डीजे दोबारा चालू करने से मना कर दिया। मैं चेयरमैन हूं, करोड़ों की जगुआर में चलता हूं…” कहकर चला दी गोली
अमित ने बताया- मंच के पास पहुंचते ही आरोपी आकाश और अखिलेश ने पुत्तीलाल और उनके बेटों से भी झगड़ा शुरू कर दिया। अखिलेश ने आकाश को उकसाते हुए कहा- पिस्तौल निकालो… गोली मारो, सब वकीलों से निपटा दूंगा। इसके बाद आकाश ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और गाली-गलौज करते हुए पुत्तीलाल के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही पुत्तीलाल जमीन पर गिर पड़े। अफरातफरी के बीच आरोपी आकाश और अखिलेश अपनी जगुआर (UP32F50090) को छोड़कर वहां से फरार हो गए। अस्पताल ले जाते वक्त मौत, गांव में रातभर तनाव
परिवारजन और डीजे टीम उन्हें सीएचसी अतरौली लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया गया। लेकिन बीच रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शादी समारोह में महिलाएं रोते हुए घरों में दुबक गईं और बारातियों व ग्रामीणों में टकराव की स्थिति बन गई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि शादी की रस्में रोक दी गईं और बारात बिना दुल्हन वापस लौट गई। एसपी मीणा रात में पहुंचे- दो नामजद, वीडियो से पहचान शुरू
सूचना मिलते ही एसपी अशोक कुमार मीणा, एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम और सीओ संतोष कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। एसपी ने बताया- रात 11 बजे डीजे बंद हुआ था। 12 बजे दोनों आरोपी शराब के नशे में आकर डीजे दोबारा चलाने की जिद कर रहे थे। तहरीर में आकाश और अखिलेश को नामजद किया गया है। हत्या का मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
अमित की तहरीर पर आकाश गौतम और अखिलेश गौतम के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आकाश गौतम लखनऊ के विकास नगर थाना क्षेत्र के जेहटा गांव का रहने वाला है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और खुद को “इशारा ग्रुप का चेयरमैन” बताता है। पुलिस ने देर रात दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ————————— ये खबर भी पढ़िए… मुलायम परिवार की छोटी बहू का गृह प्रवेश:सैफई में नेताजी की समाधि पर आशीर्वाद, मां ने उतारी आरती, जेठानी ने की पुष्पवर्षा मुलायम सिंह यादव परिवार की सबसे नई नवेली दुल्हन ने इटावा में धूमधाम से गृह प्रवेश किया। गृह प्रवेश से पहले नवदंपति आर्यन यादव और सेरिंग, पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की समाधि पर पहुंचे। दोनों ने उनका आशीर्वाद लिया और फिर अन्य रस्में के लिए घर पहुंचे। परिवार ने परंपरागत तरीके से दोनों का स्वागत किया। नई दुल्हन सेरिंग का गृह प्रवेश कराने के लिए आर्यन की मां प्रेमलता यादव पूजा की थाली सजाए खड़ी थीं। उन्होंने अपनी नई बहू सेरिंग की बलाएं उतारीं और घर में प्रवेश कराया। इसके बाद आधी रात तक घर में जश्न हुआ। पूरी खबर पढ़िए…


