धनबाद के ईस्ट बस्टाकोला में किशोर की हत्या:रात से था लापता, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; तीन हिरासत में

धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र स्थित ईस्ट बस्टाकोला में शुक्रवार को एक 16 वर्षीय किशोर नीतीश कुमार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। किशोर के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। नीतीश ईस्ट बस्टाकोला के चांदमारी का निवासी था और बारात में लाइट उठाने का काम करता था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे अनिल नामक एक व्यक्ति नीतीश को लोहा काटने के बहाने घर से ले गया था। इसके बाद नीतीश वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह जब उसके पिता पानी भरने कुएं की ओर गए, तो उन्हें वहां एक शव पड़ा मिला, जिसकी पहचान कपड़ों से नीतीश के रूप में हुई। परिवार का आरोप है कि नीतीश के सिर, आंख, पेट और पूरे शरीर पर गंभीर चोटें थीं, जिससे प्रतीत होता है कि उसकी पत्थर से मारकर हत्या की गई है। मृतक के नाना और भाई ने पुलिस को बताया कि आरोपी अनिल पहले भी नीतीश को धमकी दे चुका था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अनिल लोहे की चोरी करवाता है और उसी ने नीतीश को बुलाकर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही धनसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि 16 वर्षीय किशोर की हत्या की सूचना पर पुलिस ने डॉग स्क्वॉड के साथ जांच शुरू कर दी है। परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। इस मामले में पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *