पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने नारायणपुर बाजार के पास छापेमारी कर एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। बुधवार रात गश्ती के दौरान पुलिस ने वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, गश्ती दल रात करीब 8:30 बजे नारायणपुर बाजार के पास पहुंचा था। तभी पथरा गांव की ओर से आ रही एक सफेद रंग की बोलेरो पुलिस टीम को देखकर अचानक घूमकर भागने लगी। गश्ती दल ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन और चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में चालक की पहचान सौरभ सिंह (24) के रूप में हुई, जो हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव का रहने वाला है। वाहन की तलाशी लेने पर प्लास्टिक के पांच बोरों में कुल 28 पेटी देशी टनाका शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 25 पीस शराब थी, जिससे कुल 700 बोतल (300 एमएल प्रत्येक) शराब जब्त की गई। चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने बोलेरो वाहन सहित बरामद शराब जब्त कर ली है। हुसैनाबाद थाना में बीएनएस और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी चालक सौरभ सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


