मां को लाड़ली-बहना पैसा दिलाने गए बेटे की मौत:बैंक से लौटते समय हुआ हादसा, महिला सहित चार घायल

बालाघाट में एक सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतक युवक को गुरुवार देर रात जिला अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह दुर्घटना मलाजखंड थाना क्षेत्र के नेवरगांव निवासी प्रकाश पिता तीरथसिंह उईके के साथ हुई। प्रकाश अपनी मां के साथ बैंक से लाडली बहना योजना की राशि निकालकर घर लौट रहा था। इसी दौरान करू गांव के पास उसकी मोटरसाइकिल की एक अन्य मोटरसाइकिल से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में प्रकाश उईके के अलावा दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार धीरी मोहरई निवासी कुंवरसिंह मरकाम (55), उनकी पत्नी मोतीनबाई (45) और उनके नाती चंद्रभान (15) व युवराज (9) वर्ष भी घायल हो गए। सभी घायलों को पहले बिरसा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रकाश उईके को मृत घोषित कर दिया। घायल कुंवरसिंह, मोतीनबाई और चंद्रभान का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। वहीं, बालक युवराज की हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे गोंदिया ले गए हैं। कुंवरसिंह अपने परिवार के साथ एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। गुरुवार रात प्रकाश उईके की मौत के बाद शुक्रवार को अस्पताल चौकी पुलिस ने शव बरामद किया। पंचनामा कार्रवाई के उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि रात में युवक की मौत के बाद शव को सुरक्षित फ्रीजर में रखवा दिया गया था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंपा गया। मामले की आगे की जांच संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *