फल सब्जी मंडी के व्यापारी शुक्रवार दोपहर पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठ गए। वे एक व्यापारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। थाना प्रभारी भंवरा राम ने व्यापारियों से बात की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन का समय मांगा, लेकिन व्यापारियों ने गिरफ्तारी होने तक धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। मामला 20 नवंबर का है। मालियों का बास निवासी दिनेश कुमार पुत्र माणक लाल माली ने पुलिस थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि सुबह 10 बजे जब वह अपनी दुकान में गल्ले पर बैठे थे, तभी उनके पड़ोसी दुकानदार भाऊ बोहरा पुत्र नटवर लाल अपने भाई दिनेश और योगी बोहरा के साथ दुकान में घुस आए। आरोपियों ने दिनेश कुमार के साथ थप्पड़, मुक्कों और कैरेट से मारपीट शुरू कर दी। मुल्जिम दिनेश बोहरा और योगी बोहरा ने उनके स्टाफ मुरली माली और अजय माली के साथ भी मारपीट की। आरोपियों ने दुकान में रखे माल को भी तहस-नहस कर दिया। सतीश और अर्जुन सिंह सहित अन्य लोगों के चिल्लाने पर वे बीच-बचाव करने आए और उन्हें छुड़ाया। आठ दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों और माली समाज में आक्रोश है। पीड़ित दिनेश माली ने थाना प्रभारी को बताया कि गिरफ्तारी न होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। आज सुबह भी भाऊ बोहरा ने उन्हें धमकी दी कि मुकदमा दर्ज करवाने के बाद भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सके। भाऊ बोहरा ने दिनेश माली को जान से मारने की भी धमकी दी। पुलिस थाने के सामने व्यापारियों की भीड़ जमा है और धरना जारी है।


