ऑनलाइन व्यापार बढ़ाने का झांसा देकर लखनऊ स्थित ई-कॉम सोल्यूशन प्रा. लि. समेत अन्य व्यक्तियों द्वारा जोधपुर के व्यापारी से 55,418 रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। सरदारपुरा थाने में न्यायालय परिवाद के जरिए संदीप जैन प्रोपराइटर मनीष इंटरप्राइजेज, सरदारपुरा वी रोड निवासी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में संदीप ने बताया व कि 10 दिसंबर 2024 को मोबाइल पर आरोपियों ने संपर्क कर उनके प्रोडक्ट को फ्लिपकार्ट, अमेजन, मंत्रा, ब्लंकेट, बिग बास्केट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर लिस्ट कराने और मार्केटिंग करने का प्रस्ताव दिया। भरोसा दिलाने के साथ व्यापारी के जीमेल पर मेल भेजकर कंपनी के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट दिखाए गए और फीस जमा कराने को कहा गया। आरोपियों के दबाव व भरोसे में आकर परिवादी ने 16 दिसंबर 2024 से 10 जनवरी 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 55,418 रुपए दो अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवा दिए। इसके लिए उन्होंने दस्तावेज, जीएसटी विवरण व अन्य जानकारी भी भेज दी, जिसे ई-कॉमर्स रजिस्ट्रेशन हेतु आवश्यक बताया गया। 70 फीसदी राशि वापस देने का दिया भरोसा रिपोर्ट में बताया कि राशि लेने के बाद आरोपियों ने बार-बार आश्वासन दिया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद 70% राशि वापस कर दी जाएगी। परंतु भुगतान के बाद लगातार टालमटोल शुरू कर दी गई। बाद में आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। परिवादी के अनुसार 29 जनवरी 2025 को जब उसने रिफंड की बात कही तो आरोपी पक्ष ने उल्टा धमकी दी कि शिकायत करने पर उसका अकाउंट तक खाली कर देंगे। इसके बाद न मेल का जवाब आया और न ही फोन रिसीव किए गए। इनके खिलाफ दी रिपोर्ट रिपोर्ट पीड़ित ने धारा 318, 319, 61(2) बीएनएस, 66A व 66D आईटी एक्ट के तहत साइबर फ्रॉड, विश्वासघात, ठगी, धमकी व साजिश के आरोप लगाए गए हैं। ई-कॉम सोल्यूशन प्रा. लि., लखनऊ के वसीम अहमद, तानिया शर्मा और रुही, आकाश, डायरेक्टर, ब्लीन्किट कॉमर्स प्रा. लि और इस षड्यंत्र में शामिल अन्य अज्ञात आरोपियों का ना म दिया है।


