सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र के लाजपतपुर में हिस्ट्रीशीटर की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार को वारदात का वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी डंडों से मृतक को बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने संज्ञान में लिया है। प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वारदात 25 नवंबर की रात की है। पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर की रात सुशील चौबे (40) निवासी बाहुवली कॉलोनी रास्ते के समय लाजपतपुर क्षेत्र में गली से जा रहा था। जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद में कुछ लोगों ने उसके साथ डंडों से जमकर मारपीट की। मारपीट में आई चोटों से वह गंभीर घायल हुआ। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 27 नवंबर को उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है। वीडियो में डंडों से पिटाई कर रहे आरोपी
वारदात का वीडियो शुक्रवार को सामने आया। वीडियो में करीब 15 लोग हाथों में डंडे लेकर सुशील चौबे से मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। वे कह रहे है कि इसके पैर तोड़ दो। इसी दौरान वीडियो में एक युवक सुशील को घसीटने की बात भी कह रहा है। सुशील के बड़े भाई सुधीर चौबे ने बताया कि लाजपतपुर में कुछ लोगों ने भाई के साथ बेरहमी से मारपीट की है। मारपीट में आई चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। मारपीट करने वालों में तुलसी प्रजापति और अन्य लोग शामिल हैं। मारपीट किस बात पर की, यह पता नहीं है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। मामला दर्ज कर जांच कर रहे
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि सुशील चौबे के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। घटना के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। सुशील चौबे कोतवाली और गोपालगंज थाने का निगरानी बदमाश था। उसके खिलाफ पूर्व से पैसे छीनना, मारपीट करने जैसे करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।


