2 दिसंबर को अंजड़ के खाटूश्याम मंदिर का दूसरा पाटोत्सव:15 हजार भक्तों को प्रसाद में मिलेगी मिक्स सब्जी और पूड़ी

बड़वानी जिले के अंजड़ नगर में स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर का दूसरा पाटोत्सव (स्थापना वार्षिक महोत्सव) 2 दिसंबर, मंगलवार को भक्तिभाव और श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। संयोग से आयोजन के एक दिन पूर्व 1 दिसंबर, सोमवार को मोक्षदा एकादशी भी है, उस दिन भी मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटेगी। स्थापना दिवस के अवसर पर श्याम मंदिर में कई धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे और एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें लगभग 15 हजार से अधिक भक्तजन दर्शन लाभ लेकर भोजन प्रसादी ग्रहण करेंगे। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर श्याम सेवा ट्रस्ट और श्याम मंदिर समिति की शुक्रवार को दिनभर बैठकों का दौर चला। विभिन्न प्रकार की समितियों का गठन कर सेवादारों को कार्यभार सौंपा गया है। नगर के बस स्टैंड के समीप श्री खाटूश्याम कॉलोनी में यह क्षेत्र का सबसे बड़ा श्याम मंदिर स्थित है। यहां श्याम बाबा भव्य रूप में विराजित हैं। मंदिर में श्री पशुपतिनाथ महादेव के अलावा श्री सालासर बालाजी हनुमानजी, श्री राम दरबार, श्री कृष्ण दरबार और माता अंजनी भी विराजमान हैं। यहां प्रत्येक एकादशी पर 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता है। दीपावली, महाशिवरात्रि, मकर संक्रांति, फागुन महोत्सव, बसंत पंचमी, होली पर फाग महोत्सव, श्रावण माह, गणेश चतुर्थी और नवरात्रि पर्व सहित सभी प्रमुख पर्व यहां हर्षोल्लास के साथ मनाए जाते हैं। समिति सदस्यों ने बताया कि नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर में श्याम बाबा और सभी देवी-देवताओं की स्थापना 2 दिसंबर 2023 को हुई थी। पिछले वर्ष भी यहां तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित कर विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया था। इस वर्ष दूसरे पाटोत्सव पर भी विभिन्न प्रकार के आयोजन संपन्न करवा कर भंडारा प्रसादी वितरित की जाएगी। 2 दिसंबर, मंगलवार को सुबह 5 बजे से पंडित बसंत शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्याम बाबा और सभी देवी-देवताओं का विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा। श्याम बाबा का देशी और विदेशी प्रजाति के फूलों एवं मनमोहक वागा से भव्य और आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। सुबह 7:30 बजे मंगला आरती की जाएगी सुबह 11 बजे 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकर भोग आरती की जाएगी। तथा शाम 4 बजे श्याम बाबा को भण्डारा प्रसादी का भोग लगाकर कन्या पूजन व कन्या भोज के बाद मंदिर के समीप मैदान पर भव्य भण्डारा प्रसादी का वितरण किया जाएगा जो देर रात्रि तक चलेगा। वहीं शाम को 6:30 बजे संगीतमय महाआरती की जाएगीं। आयोजन से एक दिन पूर्व मोक्षदा एकादशी पर एवं पाटोत्सव के दिन श्याम बाबा का दोनों दिन अलग-अलग श्रंगार किया जाएगा। सब्जी पूड़ी की बनेगी प्रसादी 2 दिसम्बर, मंगलवार को भण्डारा प्रसादी शाम 4 बजे से शुरू की जाएगी व भक्तों के लिए मिक्स सब्जी व पूड़ी परोसी जाएगी और नुक्तिदाने की महाप्रसादी जो मंदिर से दर्शन पश्चात भक्तों को बांटी जाएगी।
भण्डारा प्रसादी में महिला एवं पुरुषों की अलग-अलग बैठक व्यवस्था की जाएगी। तैयारियां जोरों पर आयोजन को लेकर भक्तों द्वारा तैयारियां जोर शोर से की जा रही है। भोजन प्रसादी को तैयार करने हेतु भोजन शाला का निर्माण किया जाएगा तथा 7 से 8 भट्टियां बनाई जा रही है। वहीं मैदान की जेसीबी मशीन से साफ- सफाई की गई है।
वाहनों की पार्किंग व्यवस्था हेतु मंदिर के पीछे खेत में मैदान बनाकर तैयार किया जा रहा है। साथ नगर सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में चार पहिया वाहन द्वारा अनाउंसमेंट कर भक्तों को आमंत्रित किया जाएगा। श्याम सेवा समिति ने नगर सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर पुण्यलाभ लेने का आवाहन किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *